पटना में गंगा नदी पर वाटर मेट्रो सेवा शुरू हो गई है। वयस्कों के लिए किराया 50 रुपये है और बच्चों को आधी छूट मिलेगी।
Google पर 22Scope चुनें
Patna Water Metro Service, पटना: बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी पर जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत हो गई है. मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस आधुनिक जलयान से पटना के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को गंगा में सफर करने का नया अनुभव मिलेगा. खास बात यह है कि इसमें वयस्कों के लिए किराया महज 50 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं, इस सेवा से अशोक राजपथ पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
गंगा में वाटर मेट्रो का शुभारंभ, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के दीघा घाट से वाटर मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की यह पहल गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को आधुनिक जल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इस सेवा से पटना आने वाले पर्यटक गंगा नदी में जलयात्रा का आनंद ले सकेंगे. साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन का एक नया विकल्प मिलेगा. सरकार का उद्देश्य गंगा के माध्यम से पर्यटन की संभावनाओं को मजबूत करना और राजधानी में जल परिवहन को विकसित करना है.
50 यात्रियों की क्षमता, आधुनिक सुविधाओं से लैस है वाटर मेट्रो
पटना में शुरू की गई कैटामरान वेसल में एक बार में 50 यात्री सफर कर सकेंगे. यह आधुनिक सुविधाओं से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होगी. इसमें उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर और यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं. यह जलयान हाइब्रिड इंजन से लैस है. इसमें लगी बैटरी को चार्ज करने के लिए दीघा स्थित मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर तथा शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है. विद्युत ऊर्जा के इस्तेमाल से जल, ध्वनि और वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी.
जानिए वाटर मेट्रो का रूट और समय
वाटर मेट्रो का परिचालन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट से शुरू होगा. वहां से जलयान गांधी घाट पहुंचेगा और फिर वापस दीघा के लिए रवाना होगा. शाम को यह दीघा घाट पहुंचेगा. भविष्य में इस सेवा का विस्तार कंगन घाट तक करने की योजना है. इस सेवा के शुरू होने से गंगा नदी के रास्ते सफर करने का विकल्प मिलेगा. खासकर अशोक राजपथ पर ट्रैफिक जाम से परेशान रहने वाले लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है.

सिर्फ 50 रुपये में कर सकेंगे गंगा की सैर, बच्चों का किराया भी तय

वाटर मेट्रो में यात्रा के लिए किराया भी निर्धारित कर दिया गया है. वयस्क यात्रियों को एक टिकट के लिए 50 रुपये देने होंगे. पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यात्रा पूरी तरह निःशुल्क होगी. वहीं, पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित किराये का आधा यानी 25 रुपये देना होगा. फिलहाल यात्री दीघा घाट स्थित टिकट काउंटर से टिकट खरीद सकते हैं. जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी है.

कार्यक्रम में कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
वाटर मेट्रो के शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार और संजय कुमार शामिल हुए. इसके अलावा पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.

Patna Water Metro का किराया क्या है?
वयस्कों के लिए एक टिकट 50 रुपये का है। 5 साल से कम बच्चों की यात्रा निःशुल्क है और 5 से 12 साल के बच्चों को 25 रुपये देना होता है।
Patna Water Metro की यात्रा का रूट क्या है?
वाटर मेट्रो दीघा स्थित मीनार घाट से शुरू होकर गांधी घाट पहुंचती है और फिर दीघा घाट लौटती है। भविष्य में इसे कंगन घाट तक बढ़ाने की योजना है।
Patna Water Metro में कितनी क्षमता है और इसमें कौन सी सुविधाएं हैं?
इसमें एक बार में 50 यात्री सफर कर सकते हैं। इसमें वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर, उद्घोषणा प्रणाली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
यह वाटर मेट्रो किस ऊर्जा से चलती है?
यह हाइब्रिड इंजन से लैस है और मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होती है। इसकी बैटरी दीघा के मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर से चार्ज की जा सकती है।
Highlights


















