
Bihar DM Promotion 2026, पटना: बिहार में प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों को बड़ी पदोन्नति दी गई है। राज्य के नौ जिलों के जिलाधिकारियों (DM) समेत माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन सिंह को अपर सचिव के पद पर प्रोन्नत किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रोन्नति पाने वाले सभी अधिकारी 2018 बैच के हैं।
इन 9 जिलों के जिलाधिकारियों को मिला प्रमोशन
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, जिन नौ जिलों के डीएम को अपर सचिव के पद पर प्रोन्नति दी गई है, उनमें शिवहर की डीएम प्रतिभा रानी, अररिया के डीएम विनोद दूहन, मुंगेर के डीएम निखिल धनराज निप्पणीकर और अरवल की डीएम अमृता बैंस शामिल हैं। इसके अलावा कटिहार के डीएम आशुतोष द्विवेदी, सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव, मधेपुरा के डीएम अभिषेक रंजन, बक्सर की डीएम साहिला और शेखपुरा के डीएम शेखर आनंद को भी पदोन्नति दी गई है। इन सभी अधिकारियों को अब अपर सचिव का दर्जा मिलेगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन सिंह भी बने अपर सचिव
जिलाधिकारियों के अलावा माध्यमिक शिक्षा के निदेशक नितिन सिंह को भी प्रोन्नति दी गई है। उन्हें भी अपर सचिव बनाया गया है। इस तरह कुल दस अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर पदोन्नति मिली है। अधिसूचना में बताया गया है कि जिन अधिकारियों ने अनिवार्य मध्य सेवाकालीन प्रशिक्षण का तीसरा चरण पूरा नहीं किया है, उन्हें शर्त के साथ प्रोन्नति दी गई है। ऐसे अधिकारियों को आगामी प्रशिक्षण सत्र में स्थान और अनुमति उपलब्ध होने पर यह प्रशिक्षण पूरा करना होगा।
10 नवंबर को भी करीब चार दर्जन अधिकारियों को मिली थी पदोन्नति
इससे पहले 10 नवंबर को बिहार सरकार ने करीब चार दर्जन अधिकारियों को अलग-अलग स्तर पर प्रोन्नति दी थी। इस सूची में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल और गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार को अपर मुख्य सचिव के पद पर प्रोन्नत किया गया था। इसके अलावा पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल और विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा को सचिव स्तर पर पदोन्नति दी गई थी। कांफेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल और विशेष सचिव डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे को भी सचिव स्तर में प्रोन्नत किया गया था।
प्रशासनिक व्यवस्था में पदोन्नति का सिलसिला
बिहार सरकार की ओर से नवंबर महीने में अलग-अलग स्तरों पर अधिकारियों को पदोन्नति दी जा रही है। 10 नवंबर की अधिसूचना के बाद अब नौ जिलों के डीएम और माध्यमिक शिक्षा निदेशक को अपर सचिव बनाया गया है। इस फैसले से राज्य के प्रशासनिक महकमे में पदोन्नति को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















