
Maithili Thakur Land Dispute, दरभंगा: अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद के मामले में प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीसीएलआर अजय कुमार और अंचलाधिकारी आलोक कुमार अमीन के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन की मापी कराई गई। इस दौरान सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाए जाने के बाद उसे खाली कराया गया और मौके पर बने निर्माण को भी तुड़वाया गया।
ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचा प्रशासन
दरअसल, पोखरभिंडा गांव के कई ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर सरकारी और निजी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया था। शिकायत में सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधाकृष्ण मंदिर, श्मशान और नाले की जमीन पर कब्जे की बात कही गई थी। शिकायत करने वालों में भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र, रामदाय देवी और रामउदार मिश्र समेत कई ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जमीन की मापी कराने का फैसला लिया।
सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण मिला, हटवाया गया निर्माण
डीसीएलआर अजय कुमार और सीओ आलोक कुमार अमीन के साथ गांव पहुंचे और विवादित जमीन की मापी कराई। शुरुआती मापी के दौरान सरकारी रास्ते के एक हिस्से पर अतिक्रमण की बात सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाया और वहां बने निर्माण को तुड़वा दिया। डीसीएलआर ने बताया कि प्रारंभिक मापी में सरकारी रास्ते पर कुछ दूरी तक अतिक्रमण पाया गया था, जिसे हटवा दिया गया है। हालांकि, अन्य शिकायतों पर अभी जांच और दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई की जानी है।
12 धुर जमीन पर कब्जे और मिट्टी कटाई की भी शिकायत
ग्रामीण गगन कुमार मिश्र ने 12 धुर जमीन पर कब्जे और वहां बाउंड्री निर्माण किए जाने की शिकायत की थी। वहीं रामदाय देवी ने अपनी जमीन के किनारे मिट्टी कटाई से नुकसान होने की आशंका जताई है। प्रशासन ने इन शिकायतों को लेकर संबंधित लोगों को शनिवार को अंचल कार्यालय बुलाया है। वहां शिकायतकर्ताओं के जमीन से जुड़े दस्तावेजों और आवेदन की जांच की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
मंदिर की जमीन का मामला मधुबनी जिले से जुड़ा
ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान और राधाकृष्ण मंदिर की जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल मधुबनी जिले की सीमा में आता है। ऐसे में ग्रामीणों को इस मामले में मधुबनी जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जमीन से संबंधित सभी शिकायतों पर दस्तावेजों और मापी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अमीन मापी पूरी करने के बाद अपनी रिपोर्ट अंचलाधिकारी को सौंपेंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
शनिवार की सुनवाई पर टिकी ग्रामीणों की नजर
मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े इस हाई प्रोफाइल जमीन विवाद में प्रशासन की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। फिलहाल सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाया गया है, जबकि बाकी शिकायतों की जांच बाकी है। अब शनिवार को अंचल कार्यालय में होने वाली सुनवाई और जमीन की मापी रिपोर्ट पर सबकी नजर है। दस्तावेजों की जांच और अमीन की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अन्य आरोपों में कितनी सच्चाई है और प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















