Ranchi- राज्यपाल रमेश बैस को जगदीश प्रसाद झाबरमल टिबड़ेवाला विश्वविद्यालय, झुंझुनू द्वारा राज भवन, राँची में आयोजित विशेष दीक्षांत समारोह में डी. लिट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है.
इस अवसर पर राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि किसी भी छात्र को आर्थिक विपन्नता के कारण उच्च शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए. हम यह आशा करते हैं कि विश्वविद्यालय आर्थिक रुप से कमजोर छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद करेगा. खुशी इस बात की है कि झाबरमल टिबड़ेवाला विश्वविद्यालय, झुंझुनू अपने स्थापना काल से ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, औद्योगिक जरूरतों और शोध संबंधी आवश्यकतों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान सुलभ कराने की दिशा में प्रयासरत है.
शिक्षा ही विकसित समाज की आधारशीला है- राज्यपाल रमेश वैस
राज्यपाल रमेश वैस ने कहा कि शिक्षा ही विकसित समाज की आधारशीला है. झुंझुनू विश्वविद्यालय अपने स्थापना काल से ग्रामीण और महिला शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है. आशा है कि यह दूसरे विश्वविद्यालयों के लिए भी प्ररेणा बनेगा. शुरु से इच्छा थी कि विश्वविद्यालय में जाकर उपाधि ग्रहण करूँ, इससे और भी प्रसन्नता होती. लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों और व्यस्तताओं के कारण विश्वविद्यालय नहीं जा सका. मेरी व्यस्तताओं का सम्मान देते हुए राज्यपाल भवन में ही समारोह का आयोजन किया, इसके लिए विश्वविद्यालय का शुक्रगुजार हूं.
झुंझुनू जैसे ग्रामीण क्षेत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना करने की अवधारणा की सराहना करता हूँ. खास कर मेधावी छात्राओं के लिए शैक्षणिक शुल्क में शत-प्रतिशत और प्रत्येक छात्रा को शुल्क में 75% की छूट देना बेहद प्रशंसनीय है. यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल है.
रिपोर्ट- मदन

















