पटना : अग्निपथ योजना के विरोध में लगभग पूरा बिहार जल रहा है.
राज्य के कई जिलों में तीसरे दिन भी उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया है.
कई जगहों पर ट्रेनों में आग लगा दी गई जिससे कई ट्रेन की बोगियां जलकर खाक हो गई.
इस घटना से रेलवे को अरबों रुपयों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
वहीं पूरे बिहार को हाई अलर्ट कर दिया गया है.
बिहार सरकार ने पुलिस को हुड़दंगियों पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
बिहार के बक्सर, आरा, बिहियां, समस्तीपुर, अरवल, लखीसराय, खगड़िया में ट्रेनें रोकी गई.

लखीसराय में उग्र भीड़ ने दो ट्रेनों में आग लगा दी.
आग इतना भयावह था कि देखते ही देखते पूरी ट्रेन में आग लग गई.
आग के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
मौके पर रेल पुलिस ने दमकल कर्मियों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया,
लेकिन तबतक ट्रेन पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में लगाई आग
समस्तीपुर में जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन में उपद्रवियों ने आग लगा दी.
जिससे ट्रेन की दो बोगियां जलकर खाक हो गई.
यह घटना हाजीपुर-बरौनी रेलखंड के मोहिउद्दीननगर स्टेशन की है.
जबकि दूसरी तरफ दरभंगा से नई दिल्ली जा रही
बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में भी उपद्रवियों ने आग लगा दी. ट्रेन की चार बोगी जलकर खाक हो गई.

बुकिंग काउंटर को किया आग के हवाले
आरा के कुल्हारियां रेलवे स्टेशन पर उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा. यहां सैकड़ों उपद्रवियों ने बिहियां स्टेशन पर तोड़फोड़ की. इसके बाद बुकिंग काउंटर में आग लगाई गई. इस घटना के बाद आरा-डीडीयू रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया.
केंद्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
उग्र छात्रों ने खगड़िया, मानसी स्टेशन पर भी जमकर उत्पात मचाया. यहां पूर्णिया रांची कोशी एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया. उसके बाद जमकर बवाल काटा और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. विरोध के कारण कई घंटों तक ट्रेन रूकी रही.

पुलिस छावनी में तब्दील हाजीपुर स्टेशन
हाजीपुर स्टेशन पर उपद्रवी ने जबरदस्त तोड़-फोड़ की. घटना में मोकामा पैसेंजर के यात्रियों और पुलिस कर्मियों को भी चोट लगी. इसके बाद पूरा स्टेशन पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. सूचना पर वैशाली के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.
रेल परिचालन ठप
बक्सर में सुबह 5 बजे से ही उपद्रवियों ने दिल्ली, पटना और कोलकाता रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया. जिसके कारण अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रूका रहा. डुमरावं स्टेशन के पास हजारों युवा सुबह 5 बजे से ही जुट कर रेलवे ट्रैक पर नारेबाजी करने लगे. वहीं डुमरांव रेलवे गुमटी के पास ट्रैक पर आक्रोशितों ने आगजनी की.
अरवल में छात्रों ने सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन एनएच-139 को पूरी तरह जाम कर दिया. इसके बाद अग्निपथ योजना को वापस लेने के लिए युवाओं ने जमकर प्रदर्शन किया.

बीजेपी विधायक विनय बिहारी की गाड़ी को तोड़ा
बेतिया में प्रदर्शनकारियों का हुजूम पूरे शहर में उत्पात मचाया. सैकड़ों गाड़ियों के शीशे तोड़े. बीजेपी विधायक विनय बिहारी की गाड़ी को भी नहीं बख्शा. विधायक ने कहा कि मेरी गाड़ी को भी तोड़ा गया है. इसमें चालीस साल के भी लोग शमिल थे, जो छात्र नहीं हो सकते हैं. ये लोग नरेंद्र मोदी और भाजपा के नेताओं को गंदी गालियां दे रहे थे. इस भीड़ में राजनीतिक दलों के लोग भी शामिल थे.
5 उपद्रवियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज किया. पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया. एसएसपी जयंतकांत के नेतृत्व में सैंकड़ों पुलिसकर्मी शहर में गश्ती कर रही है. गली-गली में पुलिस उपद्रवियों को पहचान कर गिरफ्तार करने में जुट गयी है.
बरौनी कटिहार रेल खंड के लखमीनिया स्टेशन के समीप छात्र जमा हुए और रेलवे ट्रैक पर टायर जलाकर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि लखमीनिया स्टेशन के भवन के अंदर कागजातों में भी उपद्रवियों ने आग लगाई है. गौरतलब है कि कल भी बेगूसराय जिले के राजवाड़ा गुमती के समीप एवं झमटीया ढाला पर एनएच 28 को जाम कर जमकर बवाल किया था.
रिपोर्ट: शक्ति

















