रांची : विद्या विकास पब्लिक स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा में कृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा बनकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
वहीं कृष्ण के गीतों पर नृत्य कर सारे वातावरण को कृष्णमय बना दिया.
कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राधा और श्रीकृष्ण की वेशभूषा में सज-धजकर प्रस्तुति दी.

बड़े बच्चों ने की नृत्य एवं गायन की प्रस्तुति
इस मौके पर बड़े बच्चों ने भी नृत्य एवं गायन की भी प्रस्तुति की.
प्री नर्सरी के बच्चों में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ.
जिसमें सभी बच्चों ने कृष्ण एवं राधा का रूप धारण कर कृष्ण के बालरूप का स्मरण कराया.
उन लोगों को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे श्रीकृष्ण स्वयं अवतरित हुए हैं.

प्राचार्या डॉ. मनिषा तिवारी ने ये कहा
इस मौके पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनिषा तिवारी ने भगवान श्रीकृष्ण के दिए उपदेश को स्मरण कराते हुए बच्चों को अपने कर्तव्यों को निष्काम भाव से करने के लिए प्रोत्साहित किया, क्योंकि कर्म ही सच्चा धर्म है. उन्होंने बताया कि कृष्ण एवं कंस हम सभी के भीतर है, यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने भीतर कृष्ण को उजागर करें.
जन्माष्टमी की पूरे देश में धूम
श्री कृष्ण जन्मोत्सव की पूरे देश में धूम है. देश के सभी मंदिरों में जय कन्हैयालाल की गूंज सुनाई दे रही है. मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है. भक्तों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह से ही भक्त मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं. वहीं, इस त्योहार को देखते हुए मुथरा के प्रमुख मंदिरों के आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
जन्माष्टमी: मथुरा, वृंदावन और द्वारिका में हो रही पूजा
दरअसल, श्री कृष्ण जन्माष्टमी की पूजा खासकर मथुरा, वृंदावन और द्वारिका में विधि-विधान से की जाती है. मान्यातओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ था. हिंदू धर्म में इस दिन भगवान श्री कृष्ण के बाल गोपाल स्वरूप की पूजा की जाती है. हर भाद्रपद माह में कृष्ण पक्ष की अष्टमी के दिन भगवान श्री कृष्ण का जन्म दिवस जन्माष्टमी पर्व के रूप में मनाया जाता है.
Highlights


















