बोकारो : छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने वाले प्रोफेसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी प्रोफेसर पहले भी पीड़िता से अश्लील बातें व छेड़छाड़ कर चुके हैं.
वहीं अन्य छात्राओं ने भी इन पर आरोप लगाया है.
रणविजय स्मारक महाविद्यालय सेक्टर 12 के साइकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर उदय सिंह को
बांसगोडा की रहने वाली साइकोलॉजी की छात्रा के मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजने के
आरोप में गिरफ्तार कर किया गया है. सेक्टर-12 थाना पुलिस ने छात्रा की
मौखिक शिकायत पर प्रोफेसर को मंगलवार को ही हिरासत में ले लिया था.

अश्लील वीडियो भेज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप
पीड़ित स्नातक फाइनल सेमेस्टर -6 की छात्रा है. उसने थाना में लिखित शिकायत की है.
छात्रा ने पुलिस को बताया कि प्रो. उदय सिंह ने उसे 11 सितंबर की शाम 7ः30 अश्लील वीडियो
भेज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. छात्रा के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर इससे पहले भी
कॉलेज जाने पर अश्लील बातें एवं छेड़छाड़ कर चुका है.
छात्रा डर से अपने घर वालों को यह बात नहीं बताती थी, क्योंकि उसे फेल किये जाने का डर सता रहा था.
इधर उक्त छात्रा की शिकायत के बाद अन्य कई छत्राएं भी थाना पहुंच गई.
छात्रा ने बताया कि अगर पढ़ाई को लेकर प्रोफेसर से कुछ पूछने के लिए जाती थी तो वह अपना क्वार्टर नंबर देकर अकेले आने की बात करते थे.
छात्रा को अश्लील वीडियो: प्रोफेसर ने आरोपों से किया इंकार
जब प्रोफेसर ने छात्रा के मोबाइल पर वीडियो भेज दिया, तब उसने अपने परिजनों को इस आशय की जानकारी दी. मंगलवार को छात्रा अपने परिजनों के साथ कॉलेज पहुंची और अश्लील वीडियो भेजने का कारण प्रोफेसर से पूछा. प्रोफेसर ने इससे साफ इंकार कर दिया. उसके बाद हंगामा होने लगा तब जाकर मामला पुलिस के पास पहुंचा.
कॉलेज के प्राचार्य ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि जो शिकायत है उससे शिक्षक और छात्र का रिश्ता कलंकित हुआ है.
छात्रा को अश्लील वीडियो: जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सेक्टर 12 प्रभाकर मुंडा ने बताया कि छात्रा के द्वारा प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत थाने में दी गई है. मामले की जांच की जा रही है और आगे कानूनी कार्रवाई करने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. छात्रा ने मोबाइल में अश्लील वीडियो भेजने और अश्लील हरकत करने की भी बात कही है.
रिपोर्ट: चुमन कुमार

















