रांची: राजधानी रांची के रातू रोड स्थित एक निजी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। बुधवार को जांच कर रही तीन सदस्यीय टीम को आरोपी शिक्षक और छात्रा के बीच 73 पन्नों का अश्लील चैट मिला। चैट में स्पष्ट दिखता है कि छात्रा लगातार बातचीत को सामान्य बनाए रखने की कोशिश कर रही थी, लेकिन शिक्षक बार-बार भावनात्मक दबाव डालकर अश्लील बातचीत करता रहा।
सूत्रों के अनुसार, चैट में शिक्षक ने छात्रा से बार-बार फोटो और वीडियो कॉल की मांग की। जब छात्रा घर में लोगों की मौजूदगी का हवाला देकर इनकार करती रही, तब भी शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
इस पूरे मामले की जांच जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) बादल राज के निर्देश पर गठित टीम कर रही है। टीम में ओरमांझी की प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सीमा कुमारी, बोड़ेया मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार और बिजुलिया मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश मिश्रा शामिल हैं। यह टीम गुरुवार को अपनी रिपोर्ट डीएसई को सौंपेगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रातू रोड स्थित इस स्कूल की छात्राओं ने शिक्षा सचिव को गुमनाम पत्र भेजकर शिक्षक पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। पत्र में यह भी उल्लेख था कि आरोपी शिक्षक एक छात्रा को होटल के कमरे में ले गया था। शिकायत सामने आते ही रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने संज्ञान लिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डीईओ और डीएसई को तत्काल जांच के आदेश दिए।


















