विश्व कप सहित कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वे भारतीय टीम का किए थे प्रतिनिधित्व
रांची : पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी- सिमडेगा जिला के कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत अघरमा के
रहने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा अब हमारे बीच नहीं रहे.
आज उनका हार्ट अटैक होने से निधन हो गया. उनका जन्म 1947 में हुआ था.
पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी: 1982 से 1998 तक मेकॉन में हॉकी खिलाड़ियों को देते थे कोचिंग
जस्टिन केरकेट्टा 1978 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वे बिहार रेजीमेंट में भारतीय सेना में नौकरी करते थे. वहां से सेवानिवृत्त होने के बाद वे 1982 से 1998 तक मेकॉन में हॉकी खिलाड़ियों को कोचिंग भी देते थे. तत्पश्चात वे कोलेबिरा प्रखंड मुख्यालय में मकान बनाकर रहने लगे और किसी भी छोटे बड़े हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहे.

हॉकी झारखंड सहित कई खेल प्रेमियों ने दी श्रद्धांजलि
कोलेबिरा के बरवाडीह विद्यालय में हर वर्ष होने वाले हॉकी प्रतियोगिता में भी हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता देते थे. आज उनके निधन पर हॉकी झारखंड, हॉकी सिमडेगा सहित कई खेल प्रेमियों ने श्रद्धांजलि दी.
हॉकी झारखंड ने एक अभिभावक खो दिया- मनोज कोनबेगी
हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके जाने से बहुत बड़ी क्षति हुई है. मैं जब भी सिमडेगा जाता था कोलेबिरा में रुक कर उनसे मिलकर ही जाया करता था और उनसे कई मार्गदर्शन भी लिया करता था. हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जस्टिन केरकेट्टा के निधन से हम लोगों ने हॉकी के एक अभिभावक खो दिया है. जब भी हम लोग उन्हें आमंत्रित करते थे तो वे निश्चित समय देते थे और कहा करते थे कि आप लोगों के कार्य से मुझे काफी खुशी होती है निरंतर आप लोग इसी तरह कार्य करते रहें.
पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी: भोला नाथ सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने जताया शोक
आज उनके निधन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार, मनोज कोनबेगी, माइकल लाल, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी असुंता लकड़ा सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है.
रिपोर्ट: मदन सिंह

















