धनबाद : डीवीसी की लापरवाही- जिले में डीवीसी की 17 एकड़ जमीन पर भूमाफियाओं की
गिद्ददृष्टि के कारण लूट मची हुई है. सेटिंग गेटिंग के माध्यम से भूमाफियाओं के द्वारा
प्राइम लोकेशन बरमसिया में जमीन को बेचा जा रहा है और दिन-रात लगातार काम कर
बहुमंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा है. मामले में डीवीसी के जिम्मेवार आंखे मुंद कर बैठे हुए हैं.

डीवीसी की लापरवाही: धड़ल्ले से चल रहा निर्माण कार्य
बता दें कि डीवीसी के द्वारा वर्ष 1981 में स्टाफ क्वार्टर बनाने को लेकर धनबाद अंचल के दूहाटांड में 17 एकड़ जमीन अधिग्रहण किया था. हाल के सर्वे के अनुसार अधिग्रहण जमीन का खाता नम्बर 237 और प्लॉट नम्बर 527 है. जिसका, जमीन मालिक को डीवीसी के द्वारा पैसों का भुगतान कर दिया गया था. उस जमीन को भू-माफियाओं द्वारा कब्जा कर बेचने और उसपर निर्माण का काम धड़ल्ले से चल रहा है.

42 साल बाद भी डीवीसी ने नहीं ली सूध
अंचल कार्यालय धनबाद की मिलीभगत से ये लोग अपना काम करने में सफल हो रहे हैं. यहां तक कि जालसाजों द्वारा गलत तरीके से कागजात बनवाकर जमीन का निबंधन करवाया जाता रहा है. हालांकि 42 साल गुजर जाने के बाद भी डीवीसी ने न तो उक्त जमीन पर सीमांकन किया और न ही कोई स्थायी निर्माण कराया, जिसका फायदा स्थानीय धनबाद के भूमाफियाओं द्वारा भरपूर उठाया जा रहा है.
डीवीसी की लापरवाही: सीमांकन के बाद भी भूमाफिया सक्रिय
जिला प्रशासन पहल नहीं करती पर डीवीसी को भी तो अपना हक जताना चाहिए पर लगता है कि डीवीसी को अपनी जमीन से कुछ लेना देना ही न हो. कुछ माह पहले डीवीसी के अधिकारियों ने ज़िला प्रशासन से शिकायत की थी जिसके बाद धनबाद जिला प्रशासन के द्वारा सीमांकन कर दिया गया. लेकिन समय गुजरते ही फिर से भूमाफियां सक्रिय हो गये और अब तो बची जमीन पर पूरी तरह से कब्जा कर पक्के मकान भी बनाना शुरू कर दिया है.

जमीन लुटवाने में लगी है डीवीसी- सीओ
इस मामले में धनबाद सीओ प्रशांत कुमार लायक की मानें तो डीवीसी खुद अपने जमीन को लुटवाने में लगी है. बगैर आवेदन कार्रवाई नहीं कर सकते. इससे पूर्व जब डीवीसी के द्वारा आवेदन दिया गया था तो उन्होंने सीमांकन करवा कर डीवीसी को हैंडओवर कर दिया था, लेकिन उसके बाद दोबारा किसी तरह की शिकायत नहीं मिलने के कारण वे भी आसमर्थ है. बहरहाल डीवीसी को जब खुद ही अपनी संपत्ति की सूध नहीं तो लूट तो मचना लाजमी है.
रिपोर्ट: राजकुमार जायसवाल
Highlights







