मोतिहारी : मोतिहारी के सभी चौक-चौराहों पर गुमटी और छोटी दुकानों से सूखा नशा बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश मिलते ही टीम सक्रिय हुई और शहर के छतौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राइवेट बस स्टैंड एवं उसके आसपास की दुकानों में छापेमारी की गई।
पुलिस के आने की भनक लगते ही कई गांजा तस्कर अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए
हालांकि पुलिस के आने की भनक लगते ही कई गांजा तस्कर अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए। इस दौरान प्राइवेट बस स्टैंड की एक बंद दुकान की जांच की गई, जहां से आधा किलो से अधिक गांजा और छोटी-छोटी पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाला रैपर बरामद किया गया। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है कि यह दुकान किसकी है, इसमें कौन-कौन लोग आते थे और गांजा की खेप कहां से लाई जाती थी। इस छापेमारी की सीधी एक्सक्लूसिव तस्वीरें आप देख रहे हैं। छापेमारी का नेतृत्व कर रहे प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत सिंह ने बात की।

बिहार में नशाबंदी लागू होने के कारण युवा पीढ़ी सूखे नशे की ओर अधिक बढ़ रही है – प्रशिक्षु IPS हेमंत सिंह
उन्होंने बताया कि बिहार में नशाबंदी लागू होने के कारण युवा पीढ़ी सूखे नशे की ओर अधिक बढ़ रही है। इसे लेकर एसपी को शिकायत मिली थी कि शहर में सूखा नशा बेचा जा रहा है, जिसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में सदर डीएसपी दिलीप कुमार, साइबर डीएसपी अभिनव पराशर, प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका, नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पासवान, एसआई प्रीति पाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था। करीब दो घंटे तक चली इस छापेमारी में एक दुकान से गांजा जब्त किया गया।

प्रशिक्षु IPS ने कहा- कई दुकानों से ‘गोगो’ भी बरामद किया गया, जिसका उपयोग मादक पदार्थ सेवन में किया जाता है –
वहीं कई दुकानों से ‘गोगो’ भी बरामद किया गया, जिसका उपयोग मादक पदार्थ सेवन में किया जाता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि इस तरह के नशे पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। वहीं सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने कहा कि बिहार में सभी प्रकार के नशे पर प्रतिबंध है। ऐसे में सभी से अपील है कि सूखा नशा लेना छोड़ दें, अन्यथा लंबे समय तक हवालात की हवा खानी पड़ सकती है।

युवा पीढ़ी से अनुरोध है कि इस तरह के नशे से दूरी बनाएं, नहीं तो उनका भविष्य बर्बाद हो जाएगा – पुलिस
खासकर, युवा पीढ़ी से अनुरोध है कि इस तरह के नशे से दूरी बनाएं, नहीं तो उनका भविष्य बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे और तेज किया जाएगा। साथ ही शहरवासियों से अपील की कि अगर उनके आसपास कहीं भी इस तरह की गतिविधि हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
यह भी पढ़े : मोतिहारी पुलिस को बड़ी कामयाबी, दो अलग-अलग कांडों का अभियुक्त गिरफ्तार…
सोहराब आलम की रिपोर्ट
Highlights


