नई दिल्ली : बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद दिल्ली में बीजेपी की बैठक हुई.
बिहार की राजनीति में अचानक हुए बड़े राजनीतिक उठापटक के बीच बीजेपी (BJP) ने
मंगलवार को शीर्ष नेतृत्व के साथ मंथन किया.
जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने एनडीए (NDA) का साथ छोड़ने और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से
हाथ मिलाने के बाद बिहार में महागठबंधन की सरकार बना ली है.
इसके बाद बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं के
साथ बैठक कर संगठन की मजबूती पर विचार विमर्श किया गया है.
गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) की
अध्यक्षता में इस बैठक का आयोजन किया गया.
इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) के अलावा बिहार बीजेपी के सभी प्रमुख नेता बैठक में मौजूद रहे.
अमित शाह ने बिहार में जंगलराज को खत्म करने और सरकार का सामना करने के लिए प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया है.
संगठन की मजबूती पर दिया जोर
अमित शाह ने कहा कि पूरी आक्रामकता के साथ इस जंगलराज को आमंत्रित करने वाली सरकार का मुक़ाबला करना है, कोई बहाना नहीं चाहिए, संगठन को मज़बूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, कोई किसी पर ज़िम्मेदारी ना डाले, हर ज़िले में संगठन का विस्तार करे, संगठन की मजबूती बनाए ताकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लाभ मिले और जो राजनैतिक संकट अभी फिलहाल बीजेपी के सामने उसका मज़बूती से मुकाबला किया जाए.
महागठबंधन की सरकार लोगों को धोखा देकर बनाई गई- संजय जायसवाल
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा है कि महागठबंधन की सरकार लोगों को धोखा देकर बनाई गई है. बीजेपी इसके खिलाफ लड़ने वाली है. पार्टी का एक ही लक्ष्य है, 2024 के लोकसभा चुनाव में 35 सीटें जीतनी हैं. संजय जायसवाल ने इस बात पर भी जोर दिया कि नीतीश कुमार ने महागठबंधन से हाथ सिर्फ इसलिए मिलाया है, क्योंकि वे राज्य में एक बार फिर लालू राज लाना चाहते हैं.
NDA से अलग होकर नीतीश ने RJD से मिलाए हाथ
बता दें कि बिहार (Bihar) में एनडीए (NDA) से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का नाता टूटने और आरजेडी (RJD) से हाथ मिलाकर सरकार बनाने के बाद यह बिहार में बीजेपी की शीर्ष नेतृत्व के साथ पहली बैठक है. फिलहाल नई सरकार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नीतीश कुमार (Nitish Kumar) मुख्यमंत्री पद पर काबिज हैं, वहीं RJD नेता तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Yadav) को उपमुख्यमंत्री का पद दिया गया है.
Highlights


















