AI in Bihar Healthcare: बिहार में दवा प्रबंधन से कैंसर स्क्रीनिंग तक AI की तैयारी, स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

AI in Bihar Healthcare, पटना: बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए राज्य सरकार अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद लेने की तैयारी कर रही है। इसी दिशा में बुधवार को पटना में ‘AI for Healthier Bihar’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया। कार्यशाला में 25 इनोवेटर्स ने AI आधारित नवाचारों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन किया। इनमें दवा प्रबंधन, टेलीमेडिसिन, स्मार्ट एंबुलेंस, अस्पतालों में बेड की उपलब्धता और गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान जैसे विषय शामिल रहे। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि और विकास साझेदार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना (MDHY) के तहत तैयार डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में AI के व्यावहारिक इस्तेमाल की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

दवा प्रबंधन से गंभीर बीमारियों की पहचान तक AI का इस्तेमाल

कार्यशाला में AI के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं के अलग-अलग क्षेत्रों में सुधार की संभावनाएं सामने रखी गईं। दवाओं की मांग, आपूर्ति और स्टॉक की निगरानी के साथ भविष्य की जरूरतों का पूर्वानुमान लगाने पर चर्चा हुई। QR कोड, बारकोड और बैच नंबर के माध्यम से दवाओं की सप्लाई चेन पर नजर रखने तथा उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने में भी AI आधारित तकनीक की उपयोगिता बताई गई। इसके अलावा CT Scan, MRI, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांचों के विश्लेषण में AI के इस्तेमाल पर जोर दिया गया। इससे टीबी, कैंसर और दूसरी गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में मदद मिल सकती है। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान, गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी और संक्रामक बीमारियों के संभावित प्रकोप का पूर्वानुमान लगाने में भी AI की भूमिका पर चर्चा हुई। आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को तकनीकी सहायता देने के विकल्प भी प्रस्तुत किए गए।

AI in Bihar Healthcare 1

 

ग्रामीण मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से जोड़ने की तैयारी

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि AI को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना आने वाले समय में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनकी गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाना सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि AI का इस्तेमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों तक किया जा सकता है। इससे डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी की चुनौती को कम करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने में सहायता मिल सकती है। स्वास्थ्य मंत्री ने टेलीमेडिसिन के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से जोड़कर उचित परामर्श उपलब्ध कराया जा सकता है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीब व्यक्ति को भी शहरी क्षेत्रों जैसी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

AI in Bihar Healthcare 4

मोबाइल पर मिलेगी अस्पतालों में बेड की जानकारी

कार्यशाला में अस्पतालों में बेड की रियल टाइम उपलब्धता की जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी उठाई गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीज और उनके परिजन मोबाइल के माध्यम से सामान्य वार्ड, ICU, HDU और CCU में उपलब्ध बेड की जानकारी प्राप्त कर सकें, ऐसी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है। इससे गंभीर मरीजों को रेफर करने से पहले उपयुक्त अस्पताल की पहचान करने में मदद मिलेगी। मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक भटकने की परेशानी कम हो सकती है और समय पर उपचार की व्यवस्था करना आसान होगा।

AI in Bihar Healthcare

स्मार्ट एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचने से पहले शुरू हो सकेगी तैयारी

स्वास्थ्य मंत्री ने AI आधारित स्मार्ट एंबुलेंस विकसित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट एंबुलेंस में डिजिटल ECG मशीन, पल्स ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, GPS आधारित लाइव लोकेशन और अस्पतालों से डिजिटल संपर्क जैसी सुविधाएं होनी चाहिए। AI की मदद से एंबुलेंस में ही मरीज की स्थिति का शुरुआती आकलन किया जा सकता है। इसके आधार पर उपयुक्त अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, ICU और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी। मंत्री ने सुझाव दिया कि एंबुलेंस से मरीज की डिजिटल रिपोर्ट पहले ही संबंधित अस्पताल तक पहुंचाई जाए, ताकि उसके पहुंचने से पहले उपचार की जरूरी तैयारी हो सके। इस दिशा में शुरुआती तौर पर कुछ स्मार्ट एंबुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की संभावनाओं पर भी काम किया जा सकता है।

AI in Bihar Healthcare 3

AI समाधानों को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने पर जोर

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से कार्यशाला में प्रस्तुत तकनीकों का उनकी वास्तविक जरूरतों के आधार पर आकलन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि यह देखा जाए कि किन समाधानों को तत्काल लागू किया जा सकता है और किन्हें पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू करना उचित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि AI का उपयोग केवल तकनीकी नवाचार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक लाभ आम मरीजों तक पहुंचना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत किए गए। मेडिकल एजुकेशन, नर्सिंग, मेडिकल केयर, विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सकों की उपलब्धता तथा नर्सिंग सेवाओं से जुड़े डेटा के विश्लेषण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तुत तकनीकी समाधानों से भविष्य में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन में सहयोग के लिए गेट्स फाउंडेशन को धन्यवाद भी दिया। कार्यशाला में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन, राज्य आयुष समिति के कार्यपालक निदेशक वैभव चौधरी, राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक स्पर्श गुप्ता, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गेट्स फाउंडेशन की कंट्री डायरेक्टर अर्चना व्यास, हेल्थ डायरेक्टर डॉ. वसंत कुमार और विभिन्न विकास साझेदारों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

यह भी पढ़ें: Giridih Mobile Recovery Campaign: गिरिडीह पुलिस ने लौटाई 80 लोगों की खुशियां, खोए हुए मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे

यह खबर शेयर करें
FacebookXTelegram

Bihar Aadhaar Biometric Update 2027: सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों...

Bihar Aadhaar Biometric Update 2027, पटना: बिहार के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले जिन विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) अब तक...

Bihar Tribal Festival 2026: लोकनृत्य, पारंपरिक व्यंजन और किताबें… बांका के...

Bihar Tribal Festival 2026, पटना: बिहार में जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और विकास यात्रा को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल...

Giridih Mobile Recovery Campaign: गिरिडीह पुलिस ने लौटाई 80 लोगों की...

Giridih Mobile Recovery Campaign: गिरिडीह पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान 'आपका मोबाइल...