Desk. झारखंड के साथ आज महाराष्ट्र में भी विधानसभा चुनाव का मतदान हो रहा है। अपने मताधिकार का प्रयोग करने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि और बेटी सारा तेंदुलकर के साथ मुंबई में मतदान केंद्र पर पहुंचे। इस दौरान सचिन ने अपने परिवार के साथ मतदान किया और लोगों से भी मतदान करने की अपील की है।
सचिन ने परिवार संग किया मतदान
वोट डालने के बाद सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर वोट डालने की फोटो शेयर करते हुए पोस्ट किया, ‘यह सोचने और गर्व से अपनी स्याही दिखाने का समय है। हर वोट मायने रखता है! क्या आपने अपना हिस्सा पूरा कर लिया है?’
बता दें कि, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्य रूप से महा विकास अघाड़ी (एमवीए) और महायुति गठबंधन के बीच मुकाबला है। लोकसभा चुनाव में एमवीए का जबरदस्त प्रदर्शन रहा था। एमवीए ने महायुति गठबंधन पर बढ़त हासिल की थी। एमवीए ने 30 लोकसभा सीटें जीती थीं, जबकि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को 17 सीटें मिली थी। कांग्रेस ने जिन 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उनमें से 13 पर जीत हुई थी। वहीं शिवसेना-यूबीटी ने जिन 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उनमें से 9 पर जीत हासिल की थी।
दो राज्यों में विधानसभा चुनाव का मतदान
वहीं आज झारखंड में भी विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। 1 बजे तक 47.92 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं पहले चरण में 13 नवंबर को वोटिंग हुई थी। इसमें 64 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई थी। दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव का परिणाम 23 नवंबर को आएगा।



















