रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवा ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि नववर्ष के पहले सात दिनों तक तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है। रांची में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जबकि अगले चार दिनों में इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 1 जनवरी को सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है, जिसके बाद आसमान साफ रहेगा। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ठंडी हवाओं का असर रहेगा, और सुबह और देर रात कोहरे का असर जारी रहेगा। इस दौरान वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मैक्लुस्कीगंज और आसपास के इलाकों में ठंडी का असर और ज्यादा महसूस हो रहा है। 1 जनवरी को मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस जबकि कांके में 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में स्माग और कोहरे के साथ ठंडी हवाएं और बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। 72 घंटे के भीतर शीत दिवस जैसे हालात बन सकते हैं, और अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की आशंका है।
मंगलवार को सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही, और अधिकांश लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए।