ओडिशा में हुए करोड़ो की बैंक डकैती का खुलासा, धनबाद से दो आरोपी गिरफ्तार

Dhanbad: ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों की बैंक डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में झारखंड के धनबाद से दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ओडिशा पुलिस और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में डकैती से जुड़ा लूटा गया सोना, वाहन और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी को बड़बिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अज्ञात अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से डकैती की थी। घटना के बाद बड़बिल थाना में मामला दर्ज कर ओडिशा पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान डकैती के तार धनबाद से जुड़ते पाए गए, जिसके बाद क्योंझर के अपर पुलिस अधीक्षक प्रत्यूष मोहपात्रा अपनी टीम के साथ धनबाद पहुंचे।

धनबाद से जुड़े मिले तार, बनी संयुक्त टीमः

शनिवार को धनबाद समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और क्योंझर के एएसपी प्रत्यूष मोहपात्रा ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ओडिशा पुलिस और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने धनबाद के निरसा और सिंदरी क्षेत्र में छापेमारी कर 288 ग्राम सोना, डकैती में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन और चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारीः

पुलिस ने इस कार्रवाई में डकैती के दो प्रमुख आरोपियों—चासनाला निवासी राज कुमार सिंह और निरसा निवासी कुणाल राज वर्मा—को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला चुनौतीपूर्ण था, लेकिन दोनों राज्यों की पुलिस के आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई से घटना का सफल उद्भेदन संभव हो सका।

5 से 6 किलो सोना लूटे जाने की आशंकाः

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि डकैती के दौरान करीब 5 से 6 किलो सोना लूटा गया था, जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी अभी भी जारी है।

रिपोर्टः अनिल पांडे

 

जमशेदपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने सड़कों पर उतरे सिटी एसपी ललित...

जमशेदपुर: शहर में ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करने और अतिक्रमण रोकने के मकसद से सिटी SP ललित मीना सोमवार को खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने...

नशे के खिलाफ झारखंड का बड़ा कदम, जानिए क्या है हेमंत...

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नशीले और प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन का इंसानी सेहत पर बहुत बुरा असर पड़ता है। उन्होंने बताया कि...

रेलवे से लेकर एम्स तक, झारखंड को क्या मिला मोदी सरकार...

रांची:भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल को विकास, जन-कल्याण और सुशासन का...