बांकीपुर उपचुनाव से पहले एनडीए के रोड शो में सम्राट चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के लिए वोट मांगे। नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद।
Bankipur By Election 2026 पटना: बिहार की राजधानी पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने शक्ति प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में निकले विशाल रोड शो में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा और एनडीए की जीत ही बांकीपुर की जनता की जीत होगी।
Bankipur By Election 2026:भट्टाचार्य रोड से नाला रोड तक हुआ भव्य रोड शो
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के तहत निकला रोड शो भट्टाचार्य रोड, पीरमुहानी, कदमकुआं और नाला रोड समेत कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। भाजपा समर्थकों के नारों और बड़ी संख्या में जुटी भीड़ के कारण पूरा इलाका चुनावी माहौल में रंगा नजर आया।
सम्राट चौधरी बोले, विकास और सुशासन के साथ खड़ी है जनता
रोड शो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान में जनता का एक एक वोट भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता लगातार भाजपा और एनडीए के साथ खड़ी रही है और इस बार भी विकास के पक्ष में अपना समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक विधानसभा क्षेत्र का चुनाव नहीं है, बल्कि विकास, सुशासन और जनविश्वास को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।
Key Highlights:
बांकीपुर उपचुनाव के लिए एनडीए ने पटना में निकाला विशाल रोड शो।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील की।
भट्टाचार्य रोड, पीरमुहानी, कदमकुआं और नाला रोड पर पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत।
रोड शो में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा और एनडीए की जीत ही बांकीपुर की जनता की जीत होगी।
Bankipur By Election 2026:रोड शो में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
रोड शो में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, लोजपा रामविलास के नेता राजू तिवारी, विधायक मंगल पांडेय सहित भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल रहे।
Highlights



















