4 को होगी BPSC की परीक्षा, डीएम ने कहा किसी भी सूरत में…

BPSC की एकीकृत 70वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता पुनर्परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग। जिला प्रशासन द्वारा 24 स्टैटिक दण्डाधिकारियों-सह-प्रेक्षकों; 22 जोनल दण्डाधिकारिेयों एवं 7 उड़नदस्ता दल की प्रतिनियुक्ति की गई है, 14 दण्डाधिकारियों को जिला नियंत्रण कक्ष में सुरक्षित रखा गया है।  स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में बीपीएससी परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध: डीएम व एसएसपी।

पटना: चार जनवरी को बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा के एक रद्द परीक्षा केंद्र की परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा को लेकर बीपीएससी समेत जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। परीक्षा को लेकर पटना के जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी अवकाश कुमार ने समाहरणालय के सभाकक्ष में केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और अन्य पदाधिकारियों को ब्रीफ किया।

इस दौरान जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी अवकाश कुमार ने कहा कि बीपीएससी की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा स्वच्छ, कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीएम ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं पर बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 लागू है। यदि कोई उम्मीदवार इस उपबंध का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उक्त अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार उसके विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डीएम डॉ सिंह ने कहा कि परीक्षार्थियों के हित में यह आवश्यक है कि परीक्षा स्वच्छ वातावरण में एवं कदाचारमुक्त सम्पन्न हो। प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित की जाएगी कि परीक्षा केन्द्र के परिसर में किसी भी हालत में भीड़ या असामाजिक तत्व न जुटे। कदाचार की कोशिश करने या प्रश्रय देने वाले व्यक्तियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित होने वाली एकीकृत 70वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता पुनर्परीक्षा 04 जनवरी शनिवार को एकल पाली में 12ः00 बजे मध्याह्न से 02ः00 बजे अपराह्न तक होगी। पटना जिला में यह परीक्षा 22 विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर हो रही है। परीक्षा से संबद्ध सभी उम्मीदवारों का प्रवेश-पत्र आयोग के वेबसाईट से डाउनलोड करना होगा और वैसे प्रवेश-पत्र ही परीक्षा में बैठने के लिए मान्य है।

परीक्षा के सुचारू रूप से संचालन हेतु बिहार लोक सेवा आयोग, पटना के प्रतिनिधि की उपस्थिति में अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था ने परीक्षा में संलग्न दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। जिलाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी केन्द्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को बिहार लोक सेवा आयोग, पटना से प्राप्त निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करने को कहा है। उनकी यह जिम्मेवारी होगी कि परीक्षा स्वच्छ, कदाचाररहित एवं शांतिपूर्ण संचालित हो।

2 2 scaled 22Scope News

परीक्षार्थियों के लिए ध्यान देने योग्य महत्वपूर्ण बिंदु

डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों का प्रवेश 09.30 बजे से प्रारंभ होगी तथा अंतिम प्रवेश 11.00 बजे तक होगा। 11.00 बजे के पश्चात् किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। परीक्षा कक्ष में वीक्षक पुनः परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग कर आश्वस्त हो लेंगे कि उनके पास कोई भी वर्जित सामग्री नहीं है। परीक्षा अवधि 12.00 बजे से 02.00 बजे के बीच कोई भी परीक्षार्थी एवं वीक्षक कमरे से बाहर नहीं निकलेंगे।

परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाईल, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रानिक पेन, पेजर, कलाई घड़ी (सामान्य/स्मार्ट), इत्यादि जैसी इलेक्ट्रोनिक सामग्री तथा व्हाईटनर/ब्लेड/इरेजर ले जाना वर्जित है। उक्त सामग्रियों के उम्मीदवार के पास पाये जाने पर परीक्षार्थी दण्ड/अनुशासनिक कार्रवाई के भागी होंगे, जिसके तहत उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जायेगी एवं आयोग की इस परीक्षा एवं आगामी परीक्षाओं में भाग लेने से वंचित किया जा सकता है।

परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा अवधि में परीक्षा कार्य में संलग्न कर्मियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। डीएम व एसएसपी ने कहा कि वीक्षकों का मुख्य दायित्व होगा कि उनके परीक्षा कक्ष में परीक्षा का संचालन स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कदाचाररहित हो। परीक्षा कार्य में संलग्न प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी वीक्षक/कर्मी के पास परीक्षा अवधि में मोबाईल न हो। केन्द्राधीक्षक को सिर्फ कीपैड वाला एक मोबाईल (स्मार्टफोन रहित) लाने की अनुमति होगी।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा को कदाचारमुक्त सुनिश्चित कराने एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु 24 स्टैटिक दण्डाधिकारियों-सह-प्रेक्षकोें; 22 जोनल दण्डाधिकारिेयों तथा 7 उड़नदस्ता दल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों को भी लगाया गया है। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष में 14 सुरक्षित दण्डाधिकारियों को मुस्तैद रखा गया है। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल संबंधित परीक्षा केन्द्र पर ससमय पहुँच जाएंगे एवं कार्य-समाप्ति तक अपने-अपने कर्त्तव्य पर बने रहेंगे।

परीक्षा के सफल संचालन हेतु अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था, पटना राजेश रौशन को सहायक संयोजक के रूप में नियुक्त किया गया है। कदाचाररहित परीक्षा के सफल संचालन हेतु पटना के शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अमृत कुमार को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। परीक्षा के अवसर पर आयोग कार्यालय अवस्थित नियंत्रण कक्ष (0612-2215354) कार्यरत है। यह नियंत्रण कक्ष 01 जनवरी से 10ः00 बजे पूर्वाह्न से 06ः00 बजे अपराह्न तक सक्रिय है। साथ ही 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/ 2219234 ) पर भी कोई सूचना दी जा सकती है।

ज़िलाधिकारी ने कहा कि संबंधित अनुमंडल दण्डाधिकारी परीक्षा के दिन परीक्षा की पूरी अवधि के लिए परीक्षा केन्द्रों के परिसर एवं बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के दण्ड प्रक्रिया की धारा 163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा आदेश लागू करेंगे। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना जिला अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा स्वच्छ, कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण संचालन हेतु विधि-व्यवस्था संधारण के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे एवं परीक्षा कार्य समाप्ति तक भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी रखेंगे।

अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था, पटना के साथ नगर पुलिस अधीक्षक, मध्य, पटना, नगर पुलिस अधीक्षक, पूर्वी पटना, नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी, पटना उक्त परीक्षा के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे। डीएम व एसएसपी ने कहा है कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो यह सभी केन्द्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारीगण सुनिश्चित करें। डीएम व एसएसपी ने कहा कि यह परीक्षा राज्य के लिए प्रतिष्ठापूर्ण परीक्षा है। आयोग द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

https://www.youtube.com/@22scopestate/videos

यह भी पढ़ें-    गाड़ियों के Number Plate से छेड़छाड़ करने पर जाना पड़ सकता है जेल, पटना ट्रैफिक पुलिस ने…

पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट

BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC BPSC
BPSC BPSC

BPSC

Munger Crime News: सीआरपीएफ जवान के बंद घर में 20 लाख...

Munger Crime News: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की आईटीसी कॉलोनी में चोरों ने एक सीआरपीएफ जवान के बंद आवास को निशाना बनाया। चोर...

Masaurhi Ravan Dahan Stampede: मसौढ़ी में रावण दहन के बाद भगदड़...

Masaurhi Ravan Dahan Stampede: गांधी मैदान में मंगलवार शाम रावण वध समारोह संपन्न होने के बाद घर लौटने की होड़ में मुख्य निकास द्वार...

Vaishali Liquor Smuggling Case: गरीब रथ एक्सप्रेस में शराब तस्करी का...

Vaishali Liquor Smuggling Case: बिहार में शराबबंदी के बीच खाकी वर्दीधारियों के शराब तस्करी में कथित रूप से शामिल होने का मामला सामने आया...