रांची: राजधानी के टैगोर हिल स्थित ब्रह्म मंदिर का जीर्णोद्धार 60 लाख से होगा. संजय सेठ ने इसका शिलान्यास किया. श्री सेठ ने कहा कि टैगोर हिल केवल रांची नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है.
यहां रवींद्र नाथ टैगोर के बड़े भाई ज्योतिंद्रनाथ टैगोर ने कई रचनाएं रची थीं.तकरीबन 100 वर्ष पूर्व यहां पर बैठकर की गयी रचनाएं आज देश दुनिया में लोकप्रियता हासिल कर रही हैं, लेकिन उसी प्रेरणा स्थल को लावारिस स्थिति में छोड़ दिया गया.
यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने दिनों तक इसके रखरखाव पर कोई ध्यान ही नहीं दिया. उन्होंने कहा कि इसके जीर्णोद्धार के लिए प्रयास आरंभ हुआ है. हमारा प्रयास होगा कि हम इसे और बेहतर बना सकें.
सांसद ने कहा कि राज्य सरकार से आग्रह है कि इस राष्ट्रीय धरोहर की रक्षा की जाये और इसकी अस्मिता को बचाया जाये. सरकार को इसके विकास की योजना बनानी चाहिए ताकि लोगों का रुझान इसकी ओर हो.
साथ ही देश के साहत्यिकार, संगीतकार और कला क्षेत्र से जुड़े लोगों का आकर्षण इस ब्रह्ममंदिर की ओर हो सके.


