नीतीश के गांव कल्याण बिगहा में जश्न का माहौल, महिलाओं ने एनडीए की जीत पर बांधा समा
नालंदा : बिहार की सियासत में एक बार फिर गूँज रहा है 2025 से 2030, फिर से नीतीश! शुरुआती रुझानों ने जैसे ही रफ़्तार पकड़ी, बिहार की राजनीतिक हवाओं में एनडीए का परचम लहराता दिखाई देने लगा। महागठबंधन पर एनडीए की जबरदस्त बढ़त ने पूरे राज्य का माहौल गर्म कर दिया है।
जिले की सातों सीटों पर एनडीए की बढत
नालंदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कर्मभूमि यहाँ तो मानो एनडीए की लहर नहीं, सुनामी दौड़ती दिख रही है। ज़िले की लगभग सात सीटों पर एनडीए को मजबूत बढ़त मिलती दिख रही है और इसी के साथ नीतीश कुमार के समर्थकों में जश्न का माहौल चरम पर है।
ढोल नगाड़ों की थाप और पटाखों की गूंज से त्यौहार जैसा माहौल
हरनौत विधानसभा क्षेत्र के कल्याण बीघा यानी मुख्यमंत्री का पैतृक गांव आज सच में राजनीति नहीं, त्योहारों का केंद्र बना हुआ है। ढोल-नगाड़ों की थाप और पटाखों की गूंज के बीच ग्रामीणों के चेहरों पर सिर्फ एक ही विश्वास इस बार भी नीतीश कुमार ही बिहार को आगे बढ़ाएंगे। ग्रामीण महिलाओ ने कहा हमने 2025 -2030 फिर से नीतीश का नारा दिया था और आज रुझान बता रहे हैं कि बिहार हमारा वही भरोसा निभाने जा रहा है।
नीतीश की नीतियों ने दी महिलाओं को ताकत
खास बात यह है कि इस उत्साह में महिलाओं की भूमिका सबसे आगे दिख रही है। ग्रामीण महिलाओं का साफ कहना है कि नीतीश कुमार की सामाजिक और विकासात्मक नीतियों ने उन्हें नई ताकत दी है और उम्मीद भी।आज हम सबको फिर गर्व हो रहा है. हमारे गांव का बेटा फिर से बिहार की बागडोर संभालने जा रहा है।
मिथुन कुमार की रिपोर्ट
Highlights


