सुपौल : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में सुपौल जिले के निर्मली स्थित निर्मली रिंग बांध (सिपाही चौक) के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने 1721.97 लाख रुपए की लागत से पश्चिमी तटबंध प्रमंडल निर्मली, सुपौल अंतर्गत सिकरहट्टा-मझारी निम्न बांध, डगमरा मार्जिनल बांध, निर्मली घेरा बांध की मरम्मति एवं सड़क निर्माण कार्य व 591.92 लाख रुपए की लागत से छातापुर एवं त्रिवेणीगंज प्रखंड में सूरसर नदी के निरंतर प्रवाह हेतु अवरोध हटाने का कार्य का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर किया शिलान्यास
विश्व बैंक संपोषित बिहार जल सुरक्षा एवं सिंचाई आधुनिकीकरण परियोजना के अन्तर्गत विस्तारित सिकरहट्टा-मझारी निम्न बांध (कुल लंबाई 31.985 किमी) का उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं बिटुमिनस सड़क निर्माण कार्य के साथ किमी-14.00 से किमी-26.275 के बीच सात अदद स्टड का पुनर्स्थापन कार्य और 13 अदद नए स्टड का निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया।

CM ने सुपौल जिला अंतर्गत प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की प्रगति के संबंध में प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुपौल जिला अंतर्गत प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की प्रगति के संबंध में प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इनमें पश्चिमी तटबंध प्रमंडल निर्मली, सुपौल अन्तर्गत सिकरहट्टा-मझारी निम्न बाँध, डगमरा मार्जिनल बाँध, निर्मली घेरा बांध की मरम्मति एवं सड़क निर्माण कार्य, छातापुर एवं त्रिवेणीगंज प्रखंड में सुरसर नदी के चैनेलाइजेशन एवं क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मति का कार्य, वीरपुर अनुमंडल मुख्यालय में निबंधन कार्यालय की स्थापना, सुपौल स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्गीकरण का कार्य, बाबा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्गीकरण तथा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर से सुखपुर बाजार तक सड़क का चौड़ीकरण, सिमराही बाजार में एनएच-27 के जंक्शन प्वाईंट पर फ्लाईओवर का निर्माण, त्रिवेणीगंज बाजार के बाईपास का निर्माण, पिपरा बजार के बाईपास का निर्माण, सुपौल में नये बस स्टैण्ड का निर्माण कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा- निर्मली रिंग बांध का जीर्णोद्धार अच्छे ढंग से करा दिया गया है
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्मली रिंग बांध का जीर्णोद्धार अच्छे ढंग से करा दिया गया है। इस काम को पूर्ण हो जाने से निर्मली शहर सुरक्षित हो गया है। निर्मली शहर प्रतिवर्ष बरसात के मौसम में जलमग्न हो जाता था। रिंग बांध का जीर्णोद्धार हो जाने से अब स्थानीय लोगों को इस समस्या से निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यहां निर्माणाधीन विकास कार्यों को ठीक ढंग से निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण कराएं।


मुख्यमंत्री ने 213 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री ने निर्मली अनुमंडल कार्यालय के मैदान में कुल 570 करोड़ रुपए की लागत से 213 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 135 करोड़ रुपए की लागत से 129 योजनाओं का उद्घाटन व 335 करोड़ रुपए की लागत से 84 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर निर्मली अनुमंडल कार्यालय मैदान में जीविका दीदियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार, सामाजिक सुरक्षा (संशोधित) योजना 2024 के तहत 50 हजार रुपए का सांकेतिक चेक, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल की चाबी, बिहार लघु उद्यमी योजना (वर्ष 2024-25) के अंतर्गत 705 लाभुकों को प्रथम किस्त के तहत तीन करोड़ 52 लाख 50 हजार रुपए का सांकेतिक चेक, सिलाई सह प्रशिक्षण केंद्र, प्रतापगंज की चाबी, 16,058 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 186 करोड़ 58 लाख 21 हजार 311 रुपए का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान सुपौल जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान सुपौल जिले के निर्मली अनुमंडल कार्यालय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिले की विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधाएं देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों व उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिले जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो।

सात निश्चय-3 के प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य मजबूत आधार आधुनिक विस्तार है – नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर, 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य मजबूत आधार आधुनिक विस्तार है। इसके तहत राज्य में शहरी क्षेत्रों का विस्तार एवं नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। साथ ही राज्य में नए आधुनिक नियोजित शहरों का विकास किया जा रहा है।

शहरों में सुलभ संपर्कता के लिए 5 नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है
शहरों में सुलभ संपर्कता के लिए पांच नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके अतिरिक्त बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण एवं सभी इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सर्किट में सभी प्रकार की पर्यटकीय सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही इको टूरिज्म के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान सुपौल जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं और सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा- प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, इसे लेकर कई योजनायें चलायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को हरित पौध एवं पेंटिंग भेंटकर उनका स्वागत किया।

CM नीतीश के साथ डिप्टी सीएम, कई मंत्री, विधायक व कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, मंत्री लेसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, कोशी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, कोशी प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक कुमार आशीष, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी मौजूद थे।
यह भी देखें :
यह भी पढ़े : ‘समृद्धि यात्रा’ की दूसरी पारी की 10 मार्च से शुरुआत करेंगे CM नीतीश
अजय सिंह की रिपोर्ट
Highlights


