रांची: झारखंड सरकार के बहुप्रतीक्षित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान समारोह की नई तारीख तय कर दी गई है। यह समारोह अब 6 जनवरी को रांची के नामकुम स्थित खोजा टोली में आयोजित किया जाएगा। सरकार के शीर्ष स्तर पर इस आयोजन के लिए लगभग सहमति बन चुकी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की महिलाओं के खाते में मंईयां सम्मान योजना के तहत 2500-2500 रुपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करेंगे। महिला बाल विकास एवं सुरक्षा विभाग ने योजना के तहत 57 लाख महिलाओं के खातों में भेजी जाने वाली राशि जिलों को पहले ही आवंटित कर दी है।
जिलों ने बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकी पहलुओं का ट्रायल भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 26-27 दिसंबर को ट्रायल के दौरान हर जिले में 100-200 महिलाओं के खाते में 2500-2500 रुपए की राशि भेजी गई थी। गौरतलब है कि यह समारोह पहले 28 दिसंबर को आयोजित किया जाना था। इस दिन तीन लाख से अधिक महिलाओं के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद थी। रांची जिला प्रशासन ने समारोह की पूरी तैयारी भी कर ली थी। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के कारण राज्य में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया, जिसके चलते यह आयोजन स्थगित कर दिया गया।
अब समारोह 6 जनवरी को आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने की संभावना है।
Highlights


















