पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) शेखपुरा पटना में 1200 शैय्या के नए अस्पताल भवन सह आवसीय भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द पूर्ण हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इसका निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करें। इस अत्याधुनिक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य पूर्ण होने से मरीजों को इलाज में और सहूलियत होगी। साथ ही बिहार की स्वास्थ्य सेवायें बेहतर और उन्नत होंगी।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं – CM नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में जब से हमलोगों की सरकार बनी तब से समाज के सभी वर्ग के लोगों के उत्थान एवं हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज के लिए प्रतिमाह मात्र 39 मरीज ही आते थे यानी प्रतिदिन एक या दो मरीज आते थे। वर्ष 2006 से अस्पतालों में मुफ्त दवा और इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है।

CM नीतीश ने कहा- अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने औसतन 11 हजार 600 मरीज आते हैं
सीएम नीतीश ने कहा कि अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने औसतन 11 हजार छह सौ मरीज आते हैं। बिहार में पहले मात्र छह मेडिकल कॉलेज थे जिनकी संख्या अब 12 हो गई है। पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 5400 बेड औप अन्य पांच पुराने मेडिकल कॉलेज को 2500 बेड का किया जा रहा है। साथ ही आईजीआईएमएस को तीन हजार बेड का बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुई है जिससे बिहार के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध हो रही हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा, बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित कुमार पांडेय और आईजीआईएमएस के निदेशक प्रो. (डॉ.) बिंदे कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।


यह भी पढ़े : दो लाख से ज्यादा किसानों को CM नीतीश कुमार की सौगात, 100 करोड़ की राशि की जारी…
Highlights


