रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में शीतलहर का असर लगातार जारी है। ठंडी हवा के तेज झोंकों और गहरी धुंध ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। ओस की बूंदें जमने लगी हैं, जिससे ठंड का असर और भी बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में कांके राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। वहीं खूंटी का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, चार जनवरी से रांची समेत पूरे राज्य में बादल छाने की संभावना है। इस बदलाव के कारण अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, सात जनवरी को फिर से बादल छंटने के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे एक बार फिर ठंडी बढ़ेगी।
इसके अलावा, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर भी झारखंड पर दिखा। बर्फीली हवाओं के कारण शुक्रवार को दिनभर ठिठुरन बनी रही और सुबह के समय गहरी धुंध छाई रही। इस वजह से सड़कों पर सामान्य दिनों के मुकाबले कम लोग नजर आए। हालांकि, ठंड के बावजूद कुछ स्कूल खुले रहे, जिससे बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी सर्दी से कांपते हुए दिखे।
इस बीच, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि फिलहाल धुंध से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।


















