रांची: राज्य भर में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पिछले 24 घंटों में झारखंड के 10 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। इससे सुबह और शाम के वक्त ठंडक और कनकनी में इजाफा हुआ है। रांची में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कांके और नामकुम के तापमान क्रमशः 6.2 और 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए।
सबसे कम तापमान गुमला में 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जनवरी तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन 21 से 24 जनवरी तक आंशिक बादल छाने और सुबह कोहरा व धुंध रहने की संभावना है। इस दौरान कनकनी और ठंड बढ़ने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
हल्के बादलों के बावजूद ठंडक का असर हर क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है, जिससे लोग सुबह-शाम गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।