झारखंड सीआईडी ने अंतरराष्ट्रीय चाइल्ड पोर्नोग्राफी रैकेट का खुलासा किया है। गिरिडीह से दो आरोपी गिरफ्तार, ओमान, यूएई और बांग्लादेश तक होती थी वीडियो बिक्री।
Cyber Crime Bust रांची: झारखंड में ऑनलाइन चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेटिव एंड एब्यूज मैटेरियल के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। Crime Investigation Department Jharkhand की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरिडीह जिले के कोलडीह इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वहाब अंसारी और हसन राजा के रूप में हुई है। दोनों पर बच्चों के अश्लील वीडियो का अवैध प्रसार और विदेशी नागरिकों को बिक्री करने का आरोप है।
Cyber Crime Bust: ओमान, यूएई और बांग्लादेश तक फैला था नेटवर्क
सीआईडी की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बच्चों के अश्लील वीडियो ओमान, बांग्लादेश और यूएई के नागरिकों को बेचे जाते थे। प्रति वीडियो करीब 300 रुपये लिये जाते थे। आरोपियों ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से इस अवैध कारोबार में शामिल थे। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस गिरोह के तार झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी जुड़े हैं।
Key Highlights
झारखंड सीआईडी ने अंतरराष्ट्रीय चाइल्ड पोर्नोग्राफी रैकेट का किया खुलासा
गिरिडीह से दो आरोपी वहाब अंसारी और हसन राजा गिरफ्तार
ओमान, यूएई और बांग्लादेश के नागरिकों को बेचे जाते थे वीडियो
टेलीग्राम चैनल और डार्कवेब के जरिये होता था नेटवर्क संचालन
आरोपियों के डिजिटल उपकरणों से हजारों आपत्तिजनक वीडियो बरामद
Cyber Crime Bust: टेलीग्राम चैनल और डार्कवेब का लिया जाता था सहारा
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों से आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर टेलीग्राम चैनलों और डार्कवेब के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचाते थे। इसके बाद इन वीडियो को विदेशी ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था। सीआईडी को सूचना मिली थी कि ऑनलाइन माध्यम से चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मैटेरियल का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। तकनीकी जांच और डिजिटल विश्लेषण के बाद साइबर क्राइम थाना रांची में मामला दर्ज किया गया।
Cyber Crime Bust: आइफोन और डिजिटल उपकरणों से मिले हजारों वीडियो
सीआईडी ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किये हैं। जांच में बरामद आइफोन के आइ-क्लाउड अकाउंट से हजारों आपत्तिजनक वीडियो मिलने की पुष्टि हुई है। एजेंसी को आरोपियों का एक बैंक अकाउंट भी मिला है, जिसमें अवैध कमाई के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही हैं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार झारखंड समेत देश के कई राज्यों की बच्चियों के वीडियो इस नेटवर्क में शामिल होने की आशंका है।
Cyber Crime Bust: सीआईडी ने लोगों से की अपील
National Cyber Crime Reporting Portal के वुमन एंड चाइल्ड सेक्शन में शिकायत दर्ज कराने की अपील सीआईडी ने आम लोगों से की है। एजेंसी ने कहा है कि यदि किसी को ऑनलाइन चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मैटेरियल से जुड़ी कोई जानकारी मिले, तो तत्काल इसकी सूचना दें।
Highlights







