धनबादः सरकारी योजना का रूपया खाता में डालने का झांसा देकर साइबर अपराधीयों ने प्रखंड कर्मी बन शिवलीबाड़ी के युवक पंकज विश्वकर्मा से 2.37 लाख की ठगी कर ली. साइबर अपराधियों ने चार किश्तों में दो अलग-अलग खाते से रूपए उड़ाये हैं.
पीड़ित युवक पंकज विश्वकर्मा का शिवलीबाड़ी पुराना चेकपोस्ट के पास लौह सामग्री बनाने की दुकान है. व्यवसाय को बढ़ाने के लिए उसने बैंक से 2 लाख रूपए का पर्सनल लोन लिया था. पीड़ित पंकज का रो-रोकर बुरा हाल है. साइबर सेल धनबाद व कुमारधुबी पुलिस से लिखित शिकायत कर साइबर अपराधी पर कार्रवाई एवं रूपए दिलाने की गुहार लगाई है.
पंकज ने बताया कि 18 सितम्बर की शाम 4ः30 बजे मेरे मोबाइल पर फोन आया. साइबर अपराधी ने कहा कि मैं ब्लाक से बात कर रहा हूं. किसान योजना के तहत आपके एकाउंट में रूपए डालने हैं. एक एप देता हूं जिसे प्ले स्टोर से डाउनलोड कर लें. उसके कहे अनुसार मैंने एप डाउनलोड कर लिया. एप डाउनलोड करते ही मेरे बैंक आफ इंडिया चिरकुण्डा शाखा एवं बैंक ऑफ बड़ौदा चिरकुंडा शाखा के खाते से दो किश्तों में करीब 2 लाख रूपए की निकासी कर ली गई. मैंने तुरंत इसकी सूचना बैंक प्रबंधक को दी. इसके बाद साइबर सेल धनबाद में एक लिखित शिकायत दी.
मगर साइबर सेल धनबाद वाले 2 लाख से कम की निकासी होने की वजह से आवेदन लेने से इनकार कर दिया. साइबर सेल ने कहा कि स्थानीय थाना में शिकायत करें. उसके बाद मैं कुमारधुबी ओपी पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई. इस बीच दूसरे दिन मेरे बैंक आफ बड़ौदा के खाते से दो किस्तों में 41 हजार 500 रूपए निकाल लिए गए.
रिपोर्ट: संदीप कुमार शर्मा


