Sonpur Mela Labour Exhibition, पटना: एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से विभागीय प्रदर्शनी लगाई गई है। शुक्रवार की शाम विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार भी मौजूद रहे। प्रदर्शनी का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के कामगारों, प्रवासी श्रमिकों, निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। विभागीय स्टॉल पर श्रमिकों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं, उनके लाभ और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही बाल श्रम उन्मूलन से जुड़े कानूनी प्रावधानों और इस कुप्रथा को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बाल श्रम उन्मूलन के कानूनी प्रावधानों की जानकारी
प्रदर्शनी में बाल श्रम उन्मूलन से संबंधित कानूनी प्रावधानों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। आम नागरिकों को बाल श्रम के दुष्परिणामों और इसके रोकथाम के लिए निर्धारित नियमों की जानकारी दी जा रही है। विभाग का प्रयास है कि मेले में आने वाले लोग बाल श्रम के खिलाफ जागरूक हों और इसके उन्मूलन में अपनी भूमिका समझें। स्टॉल पर बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना-2024 के बारे में भी विस्तार से बताया जा रहा है। इसके माध्यम से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों और शिल्पकारों को उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है।
प्रवासी और निर्माण श्रमिकों के लिए कल्याणकारी योजनाएं
विभागीय प्रदर्शनी में बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। इन योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सरकारी सहायता से जोड़ने के साथ आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। खासकर प्रवासी मजदूरों और निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।
मेले में पहुंचकर ले सकते हैं योजनाओं की जानकारी
सोनपुर मेले में आने वाले लोग श्रम विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर विभिन्न योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विभाग का उद्देश्य मेले जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजन के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों और उनके परिवारों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। उद्घाटन कार्यक्रम में विभाग के सचिव सुनील कुमार यादव, श्रमायुक्त राजेश भारती, सारण के उप श्रमायुक्त प्रशांत राहुल और मुजफ्फरपुर के उप श्रम आयुक्त नीरज नयन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: Rohit Sharma MI Captain 2027: IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस का बड़ा ऐलान, रोहित शर्मा को फिर सौंपी कप्तानी
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















