चिरकुंडा में पंचायत मुखिया पर जानलेवा हमला, नकाबपोश केबल चोरों ने पिस्टल के बट से किया घायल

Dhanbad: निरसा के चिरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरकुंडा उत्तर पंचायत के न्यू लाइकडीह इलाके में बीती रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पंचायत के मुखिया रंजीत पासवान पर 20 से 25 की संख्या में आए नकाबपोश केबल चोरों ने जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारीः

घायल मुखिया रंजीत पासवान ने बताया कि वह रात के समय अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में नकाबपोश लोग वहां पहुंचे और ट्रांसफार्मर की ओर जाने लगे। पूछताछ करने पर अपराधियों ने खुलेआम कहा कि वे केबल चोरी करने आए हैं। मुखिया द्वारा विरोध किए जाने पर सभी अपराधी उनसे उलझ पड़े और जबरन उन्हें घसीटते हुए पास के जंगल में ले गए।

जंगल में बनाया बंधक, पिस्टल के बट से हमलाः

मुखिया के अनुसार, जंगल में ले जाकर अपराधियों ने उन्हें बंधक बना लिया और पिस्टल के बट से बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान चोरों ने ट्रांसफार्मर का केबल काट दिया, जिससे पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई।

बम फेंककर फरार हुए अपराधीः

केबल कटने के बाद जब ग्रामीणों को घटना की भनक लगी और शोर-शराबा शुरू हुआ, तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए बम फेंका और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल मुखिया को पास के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज किया गया।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएंः

मुखिया रंजीत पासवान ने बताया कि केबल चोरी और अपराधियों की सक्रियता की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि जब एक पंचायत का मुखिया ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोग खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवालः

घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। मुखिया ने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है। वहीं, चिरकुंडा थाना प्रभारी ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर रात्रि गश्ती दल मौके पर भेजा गया था, लेकिन लोगों द्वारा सही जानकारी नहीं दी गई और अब तक कोई लिखित शिकायत भी प्राप्त नहीं हुई है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया है कि आवेदन मिलने पर पुलिस निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी।

रिपोर्ट: आजाद अंसारी

 

 

 

Saffrn

Trending News

Corrugated Boxes Supplier in Jharkhand & West Bengal | Aarisha Packaging Solutions

Social Media

180,000FansLike
28,100FollowersFollow
628FollowersFollow
688,500SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img