चतरा. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा का उद्धघाटन व जनसभा को संबोधित करने हवाई मार्ग से चतरा पहुंचे। यहां उन्होंने भद्रकाली मंदिर में माता भद्रकाली की पूजा अर्चना की। इस दौरान भाजपा के झारखंड प्रभारी शिवराज सिंह चौहान भी उनके साथ थे। माता की पूजा के बाद वे सड़क मार्ग से जयप्रकाश नगर स्थित केबी उच्च विद्यालय खेल मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से रक्षा मंत्री व झारखंड प्रभारी का स्वागत किया।
राजनाथ सिंह का झारखंड के सत्ताधारी दल पर तंज
इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि झारखंड में स्पीड ब्रेकर लगा हुआ है। उन्होंने प्रदेश के सत्ताधारी दल पर चुटकी लेते हुए कहा कि यहां के स्पीड ब्रेकर कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और राजद है। इसे आपको बचना होगा। इन्हें इस बार सत्ता से बेदखल करना होगा। बेहतर झारखंड के लिए आपको नेतृत्व परिवर्तन करना होगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड में करप्शन संरक्षण सिर चढ़ कर बोल रहा है। जिसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार झारखंड की सरकार है। इस बीच राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार के कई उपलब्धियां भी गिनायी। कार्यक्रम समापन के पश्चात दोनों नेताओं ने परिवर्तन रथ को पार्टी का झंडा दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में चतरा जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में उमड़ी भीड़
वहीं कार्यक्रम के दौरान उमड़ी भीड़ देखकर रक्षा मंत्री व शिवराज सिंह चौहान काफी गदगद दिखे। चतरा सांसद कालीचरण सिंह एवं सिमरिया विधायक किसुन दास ने माता भद्रकाली का प्रतीक चिन्ह रक्षा मंत्री को देकर सम्मानित किया। वहीं परिवर्तन सभा का संबोधन झारखंड प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने करते हुए कहा कि मोदी जी का नेतृत्व आज भारत को उच्चे शिखर पर पहुंचा दिया है, जो हम भारतीयों के लिए गौरव की बात है।
शिवराज सिंह चौहन ने कहा कि परिवर्तन की बयार अब झारखंड में भी बह रही है। झारखंड के लोग इनके छलावे में आने वाले नहीं है। हालांकि समय कम होने की वजह से शिवराज सिंह कम बातों को रख पाए।
Highlights


