पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में विक्रमशिला सेतु के एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने एवं उस पर की जा रही कार्रवाई को लेकर पांच देशरत्न मार्ग में समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने विक्रमशिला सेतु की अद्यतन स्थिति तथा की जा रही कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
3 मई की मध्य रात्रि में विक्रमशिला सेतु के कुछ हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली – सीएम सम्राट चौधरी
उन्होंने बताया कि तीन मई की मध्य रात्रि में विक्रमशिला सेतु के कुछ हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी की वजह से इस हादसे में किसी भी तरह के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। कल रात हुई दुर्घटना के कारणों की जांच हेतु अभियंता प्रमुख (कार्य प्रबंधन) की अध्यक्षता में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं आआईटी पटना और एनआईटी पटना के विशेषज्ञों के दल को आज सुबह घटनास्थल पर भागलपुर भेज दिया गया है। यह टीम पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारणों पर जांच कर प्रतिवेदन रिपोर्ट तैयार करेगी।

अनुरक्षण में लापरवाही के आरोप में कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ भागलपुर को निलंबित कर दिया गया है
साथ ही अनुरक्षण में लापरवाही के आरोप में कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ भागलपुर को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल, गंगा नदी पार करने वाले पैदल एवं दो पहिया वाहनों के लिए राज्य सरकार द्वारा मुफ्त स्टीमर सेवा शीघ्र शुरू किया जा रहा है ताकि आमलोगों को कम से कम परेशानियों का सामना करना पड़े। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त वाले हिस्से को मरम्मत कर शीघ्र यातायात बहाली हेतु विशेषज्ञों का प्रतिवेदन प्राप्त कर कार्रवाई करने हेतु अभियंताओं को निर्देश दिया गया है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गयी है और व्यवस्था को सुगम बनाने में लगी है। यह पुल नौगछिया एवं भागलपुर से होकर गुजरता है।
भागलपुर के DM ने VC के माध्यम से अद्यतन स्थिति की जानकारी दी
भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन मई की मध्य रात्रि में विक्रमशिला सेतु के कुछ हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मुश्तैदी की वजह से इस हादसे में किसी भी तरह के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन, भागलपुर प्रशंसा का पात्र है, जिसने त्वरित गति से कार्रवाई की। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्थिति पर नजर रखें और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहे ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा- विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों के लिए यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों के लिए यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करें। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त भाग को यातायात पुनर्स्थापन हेतु विशेषज्ञों से तकनीकी प्रतिवेदन प्राप्त कर रेस्टोरेशन का कार्य सुनिश्चित करें। वर्तमान में उत्तर बिहार से आने वाले वाहन गंगा नदी पर बने श्रीकृष्ण सेतु, मुंगेर का उपयोग कर राष्ट्रीय उच्च पथ-33 (पुराना एनएच-80) के माध्यम से भागलपुर पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुंगेर से भागलपुर पथ पर यातायात को व्यवस्थित करें ताकि लोगों का आवागमन आसानी से हो सके। इस पथ के चार लेन के निर्माण कार्य को ससमय पूर्ण करें।
पुलों के मेंटेनेंस के लिए बनाई गई पॉलिसी के तहत राज्य के सभी बड़े पुलों का SOP के तहत ऑडिट कराएं – मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि पुलों के मेंटेनेंस के लिए बनाई गई पॉलिसी के तहत राज्य के सभी बड़े पुलों का एसओपी के तहत ऑडिट कराएं। सभी पुलों को मेनटेन रखें, अनुरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी अपने कर्तव्य का निवर्हन ठीक ढंग से नहीं करें, दोषी पाए जाने पर शीघ्र कार्रवाई करें। गंगा नदी पर इस पुल के समानांतर बनाए जाने वाले नए चार लेन ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें। इस पुल के भागलपुर और नवगछिया दोनों तरफ सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखें और वाहन का प्रवेश वर्जित रखें। बिजली की व्यवस्था बेहतर रखें। नाव से आवागमन में एसओपी का पालन हो और यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

CM सम्राट के साथ दोनों डिप्टी CM के अलावा कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, वाणिज्य कर विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर सिंह, एनएचआई के प्रतिनिधिगण सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे। जबकि भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी व वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।
यह भी देखें :
यह भी पढ़े : अगले 3 महीने में पूरा होगा विक्रमशिला सेतु की मरम्मती का काम
Highlights



















