रोहित शर्मा से मिलना चाहता था ये जबरा फैन
रांची : राजधानी रांची में 19 नवंबर को भारत-न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टी-20 मैच खेला गया, मैच के दौरान कप्तान रोहित शर्मा का एक फैन मैदान में घुस गया और रोहित शर्मा के पैर पर जाकर गिरकर प्रणाम करने लगा. प्रणाम करने के बाद युवक मैदान से तेजी से भाग गया. युवक रोहित शर्मा को अपना भगवान मानता है. हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 15 दिन के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा है.

जेएससीए मैदान में 19 नवंबर को भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था और बैटिंग के लिए न्यूजीलैंड को आमंत्रित किया था. जब भारतीय खिलाड़ी मैदान में क्षेत्ररक्षण कर रहे थे उसी दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक हो गई. उस समय एक युवक ने सुरक्षा को धता बताकर मैदान में घुस गया. उसके बाद सीधे रोहित शर्मा के पैरों के सामने गिर पड़ा और आशीर्वाद लेकर तेजी से भाग निकला. हालांकि रोहित शर्मा फैन को देखते ही दूर हो गए. कोरोना नियमों के कारण रोहित शर्मा उनके पास नहीं गए.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और 15 दिन के ऑब्जर्वेशन में रखा है. पुलिस ने धुर्वा थाने में युवक से पूछताछ भी की है. वहीं सुरक्षा में हुई चूक के कारण ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को वहां मौजूद अधिकारी ने फटकार भी लगाई. बताया जाता है कि युवक बिहार के नवादा जिले का रहने वाला है. वह रोहित शर्मा को अपना भगवान मानता है. मैच के दौरान कई बार मैदान में जाने की कोशिश युवक ने की थी, लेकिन पुलिस को देखकर रूक जाता था, लेकिन जैसे ही उसे मौका मिला वैसे ही युवक मैदान में भागकर चला गया और रोहित शर्मा को प्रणाम करके भाग निकला.

क्रिकेट में कई बार देखा जाता है कि जब भी मैच या अभ्यास के दौरान क्रिकेटरों के फैन मैदान में घुस जाते हैं. सबसे ज्यादा बार अब तक ये धोनी के साथ ही हुआ है. आईपीएल हो या फिर टीम इंडिया का मैच कोई न कोई फैन दस्तक दे ही देता था. लेकिन हिटमैन शर्मा के साथ भी कल धोनी जैसी ही घटना हुई, जिसको देख एक बार तो सभी हैरान हो गए थे.

















