‘धन्यवाद, सम्मान सह संकल्प सभा’ में गरजे सम्राट, कहा- मंडल व कमंडल के समर्थन में BJP

पटना : बिहार भाजपा द्वारा आज पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित ‘धन्यवाद, सम्मान सह संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने स्थान पर खड़े होकर एक मिनट तक ताली बजाकर पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद दिया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और मंत्री बने प्रेम कुमार को सम्मानित किया गया तथा 2024 में बिहार के सभी 40 की 40 सीटें जीतने का संकल्प भी लिया गया।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा मंडल का भी समर्थन करती है कमंडल का भी समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि अगर आज हम सरकार में शामिल हैं तो इसका क्रेडिट कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन जरूर करती है लेकिन बदलती नहीं है और गठबंधन धर्म का पालन भी करती है। भाजपा को कमिटमेंट वाली पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपना संकल्प पूरा करती है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक भारत, अखंड भारत का सपना देखा था, कई पीढ़ियां चली गई, कई लोग देखते रहे और जब पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो जम्मू कश्मीर से धारा 370 को उखाड़कर फेंक दिया गया।

चौधरी ने जोर देकर कहा कि 450 वर्षों से अयोध्या में प्रभु श्रीराम टेंट में थे और कई गरीब परिवार वर्षो से झोपड़ी में थे। आज नरेंद्र मोदी की सरकार ने प्रभु श्रीराम को भव्य मंदिर में स्थापित कर करोड़ों लोगों के वर्षों के संकल्प को पूरा किया तो चार करोड़ पक्का घर बनाकर गरीब परिवारों को आसरा दिया। उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि एनडीए सरकार का कमिटमेंट नौकरी देने का भी है लेकिन आज इसका क्रेडिट दूसरे लोग लेने में लगे है। उन्होंने राजद के नेता लालू प्रसाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर वे रोजगार का फार्मूला ही बताना चाहते हैं तो यह फार्मूला प्रदेश की जनता को बता दें कि डेढ़ वर्ष का बच्चा अरबपति कैसे बन सकता है, इससे किसी को रोजगार की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

उन्होंने आरक्षण की चर्चा करते हुए कहा कि अति पिछड़े को मुख्यधारा में जोड़ने वाला कोई व्यक्ति था तो वे केवल पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जी थे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि मंडल कमीशन लागू करने में भी भाजपा का समर्थन था। भाजपा मंडल के साथ है तो कमंडल के साथ भी है। दूसरी ओर राजद का आरक्षण अपने परिवार तक सीमित है। उन्होंने बिहार में हाल में बनी एनडीए सरकार की पृष्ठभूमि की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार की सत्ता से जंगलराज के प्रणेता को हटाने के लिए भाजपा ने यह प्रस्ताव स्वीकार किया। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि आज एनडीए की सरकार जरूर है लेकिन हमारा संकल्प भाजपा की सरकार बनाने की है।

भाजपा के अध्यक्ष ने भाजपा को दूसरी मां बताते हुए कहा कि भाजपा को सत्ता तक पहुंचाना है। उन्होंने भाजपा के पितामह लालकृष्ण आडवाणी और कर्पूरी ठाकुर को सरकार ने भारत रत्न देकर लाखों लोगों को सम्मान दिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बिहार की 40 में से 40 सीट पर जीतने का संकल्प लेते हुए कहा कि भाजपा संकल्प पूरा करती है। उन्होंने यह भी कहा कि जब शौचालय, पानी, बिजली, घर, खाना मोदी जी ने दिया तो वोट भी मोदी को ही देंगे। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से मोबाइल का टॉर्च जलाकर पीएम को धन्यवाद दिलवाया।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए महापुरुष लालकृष्ण आडवाणी ने यात्रा प्रारंभ की थी जबकि कर्पूरी जी सादगी, नम्रता, सरलता और ईमानदारी थे। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों को भारत रत्न देकर करोड़ों लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देव दुर्लभ कार्यकर्ता भाजपा में ही हो सकते हैं। उन्होंने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे बिहारियों को ही अपना परिवार माना और जमींदारी प्रथा को समाप्त कर दिया, जबकि अधिकांश जमींदार उन्हीं के समाज के थे।

उन्होंने कहा कि आज हमें यह देखना होगा कि बिहार में कमी क्यों आई। सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री के 400 के लक्ष्य को देव दुर्लभ जनता अवश्य पूरा करेगी। इस मौके पर मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। उन्होंने कहा कि सही अर्थों में यह सम्मान भाजपा कार्यकर्ताओं का है। भाजपा के कार्यकर्ता ही पार्टी को आज यहां तक पहुंचाया हैं। इस कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री जगन्नाथ ठाकुर और राजेश वर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी उपस्थित रहे।

इस समारोह को नंद किशोर यादव, मंगल पांडेय, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, हरि सहनी, शाहनवाज हुसैन, जनक राम, संजीव चौरसिया, अरुण सिन्हा, मिथिलेश तिवारी, जिवेश मिश्रा, नवल किशोर यादव, ललन मंडल, अनिल शर्मा और राजेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री शिवेश राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इससे पहले प्रदेश कार्यालय से हजारों की संख्या में बाइक पर सवार कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचे और कार्यकर्ताओं ने दोनो उपमुख्यमंत्रियों सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और मंत्री प्रेम कुमार का स्वागत किया।

कुमार गौतम की रिपोर्ट

https://22scope.com 

https://youtube.com/22scope

Saffrn

Trending News

Corrugated Boxes Supplier in Jharkhand & West Bengal | Aarisha Packaging Solutions

Social Media

180,000FansLike
28,100FollowersFollow
628FollowersFollow
688,500SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!