रांची: अग्निवीर बनने की खुशी में युवक ने अपने दोस्तों को पार्टी दी,लेकिन पार्टी के बाद घर लौटने के क्रम में ही युवक की मौत हो गई। घटना
रांची रोड पर रविवार रात हुई सड़क दुर्घटना के कारण हुई। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना नामकुम बगीचा हुई, एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
घटना में स्कूटी सवार 19 वर्षीय कशिश कुमार विक्रांत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल केएस गंगा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
कशिश कुमार की पहचान खूंटी के सोसोटोली गांव निवासी नरेश कुमार के एकलौते पुत्र के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, कशिश कुमार हाल ही में अग्निवीर के पद पर चयनित हुआ था और अपनी इस उपलब्धि की खुशी में पार्टी का आयोजन किया था।
इस खुशी के मौके पर कशिश अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर था, जब तेज रफ्तार बलेनो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कशिश का दोस्त मामूली रूप से घायल हुआ और सड़क किनारे गिर गया।
खूंटी थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पड़े शव का पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिवार को सौंप दिया गया।
इस मामले में खूंटी थाना में एक मामला दर्ज किया गया है, और पुलिस बलेनो कार की पहचान और आरोपी को पकड़ने के प्रयास में जुटी है।
कशिश कुमार की मौत से सोसोटोली गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीण और परिजन इस त्रासदी से गहरे दुखी हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।


