Greenfield Satellite Township Bihar, पटना: बिहार में आधुनिक और सुनियोजित शहरी क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने सेंटर फॉर इनवायरमेंट प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी एडवाइजरी फाउंडेशन (CEPT Advisory Foundation), अहमदाबाद के साथ तकनीकी सहयोग का समझौता किया है। इसका उद्देश्य राज्य में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास को तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराना है। मंगलवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा की मौजूदगी में विभाग और CEPT Advisory Foundation के बीच टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (TSU) की स्थापना के लिए समझौता हुआ। विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार भी इस दौरान मौजूद रहे।
तकनीकी सहायता इकाई करेगी शहरी नियोजन में मदद
समझौते के तहत तकनीकी सहायता इकाई बिहार में आधुनिक शहरी नियोजन से जुड़े कार्यों में विभाग को तकनीकी सहयोग देगी। इसके लिए डेटा आधारित और वैज्ञानिक तरीके से शहरी क्षेत्रों के विकास की योजना तैयार करने पर जोर रहेगा। समझौते पर बिहार नगर विकास प्राधिकरण के विशेष सचिव-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवल किशोर चौधरी और CEPT Advisory Foundation के निदेशक दर्शन पारिख ने हस्ताक्षर किए। विभाग के अनुसार, तकनीकी सहयोग के जरिए शहरी विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप पर फोकस
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि इस तकनीकी सहयोग से बिहार में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के सुनियोजित और सतत विकास को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि CEPT Advisory Foundation की विशेषज्ञता का उपयोग आधुनिक शहरी नियोजन, स्थानिक विकास, नीति निर्माण, भूमि उपयोग नियोजन और आधारभूत संरचना विकास जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके साथ ही दीर्घकालिक शहरी विकास की रणनीति तैयार करने में भी तकनीकी सहायता मिलने की बात कही गई है।
बेहतर कनेक्टिविटी और नागरिक सुविधाओं पर जोर
मंत्री के अनुसार, तकनीकी सहायता इकाई का उद्देश्य केवल टाउनशिप की योजना तैयार करना नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर शहरी क्षेत्र के विभिन्न पहलुओं को व्यवस्थित करना है। प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक आधारभूत संरचना, पर्यावरणीय स्थिरता और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकास की योजना बनाने में तकनीकी सहयोग दिया जाएगा।
विकसित बिहार के विजन से जोड़कर देखी जा रही पहल
नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित और समृद्ध बिहार के विजन के अनुरूप राज्य में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए और आधुनिक शहरी क्षेत्रों के विकास की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने CEPT Advisory Foundation के साथ हुए समझौते को बिहार में सुनियोजित, टिकाऊ और भविष्य उन्मुख शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। तकनीकी सहायता इकाई के माध्यम से विभाग को शहरी विकास के लिए आवश्यक विशेषज्ञता और वैज्ञानिक योजना तैयार करने में मदद मिलेगी। इससे प्रस्तावित टाउनशिप को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की योजना को तकनीकी आधार मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: Bihar Engineers Day 2026: बाढ़ से तटबंध बचाने वाले इंजीनियरों की मेहनत का जिक्र, अभियंता दिवस पर मिला सम्मान



















