पटना. गोल एजुकेशन विलेज में मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए ‘हाउ टू क्रैक नीट’ विषय पर एक प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गोल विलेज में नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेमिनार में विद्यार्थियों को नीट परीक्षा की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स और रणनीतियां बताई गईं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गोल इंस्टीट्यूट के फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर बिपिन सिंह, असिस्टेंट डायरेक्टर रंजय सिंह तथा आर एंड डी हेड आनंद वत्स ने अपने विचार साझा किए।
बिपिन सिंह ने विद्यार्थियों को हालिया प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रवृत्तियों और नीट परीक्षा की बदलती रणनीतियों से अवगत कराते हुए कहा कि “कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने नीट की तैयारी को लेकर निम्नलिखित विशेष मार्गदर्शन दिए, जैसे-
- एनसीईआरटी (NCERT) की पुस्तकों पर गहन पकड़ बनाना सबसे ज़रूरी है।
- डेली प्रैक्टिस पेपर्स और मॉक टेस्ट के माध्यम से समय प्रबंधन और प्रश्नों को हल करने की गति को विकसित करें।
- कठिन विषयों और कमजोरियों पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें सुधारने के लिए अतिरिक्त समय निकालें।
- रीविजन की ठोस रणनीति बनाकर हर टॉपिक की बार-बार पुनरावृत्ति करें।
- पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण करके परीक्षा के पैटर्न और ट्रेंड को समझें।
- शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए संतुलित जीवनशैली अपनाएं।
असिस्टेंट डायरेक्टर रंजय सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास पर जोर देने की सलाह दी। वहीं, आर एंड डी हेड आनंद वत्स ने वैज्ञानिक ढंग से अध्ययन और लगातार पुनरावृत्ति की महत्ता को समझाया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं के समाधान और प्रेरक संदेशों के साथ हुआ।


