Wednesday, July 2, 2025

Latest News

Related Posts

ICSE-ISC Result 2025: झारखंड की शांभवी जायसवाल ने 10वीं में 100% अंक के साथ देशभर में टॉप किया, राज्य के स्टूडेंट्स का शानदार प्रदर्शन

रांची:ICSE-ISC  बोर्ड ने बुधवार को 10वीं और 12वीं परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया। इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं में लड़कियों का पास प्रतिशत 99.45% रहा, जबकि लड़कों का 98.64%। झारखंड के विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया।

झारखंड में 10वीं कक्षा का रिजल्ट 98.78% और 12वीं का 98.83% रहा। 10वीं में छात्राओं का रिजल्ट 99.15% जबकि छात्रों का 98.43% रहा। 12वीं में भी छात्राएं आगे रहीं, जहां उनका पास प्रतिशत 99.05% और छात्रों का 98.58% रहा। इस साल झारखंड से 10वीं में 16,180 और 12वीं में 4,785 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे।

सबसे बड़ी उपलब्धि रही जमशेदपुर की शांभवी जायसवाल की, जिन्होंने 10वीं में 100 फीसदी अंक हासिल कर देशभर में टॉप किया। लोयोला स्कूल की छात्रा शांभवी ने कभी ट्यूशन या कोचिंग का सहारा नहीं लिया। सेल्फ स्टडी के बलबूते उसने यह कीर्तिमान रचा। कदमा की रहने वाली शांभवी के पिता डॉ. अभिषेक जायसवाल मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में रेडियोलॉजिस्ट हैं, जबकि मां डॉ. ओजस्वी शंकर मणिपाल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में वरिष्ठ गायनोकोलॉजिस्ट हैं।

शांभवी ने कहा, “सच्ची लगन और मेहनत से कोई भी मंजिल असंभव नहीं। हर विषय को गहराई से पढ़ा, जहां कमजोरी दिखी, उसे तुरंत सुधारा। माता-पिता मेरी सबसे बड़ी मार्गदर्शक रहे।” शांभवी कथक नृत्य भी करती हैं और उनका मानना है कि नृत्य ने उनकी एकाग्रता को मजबूत कर पढ़ाई में सहयोग किया।

12वीं के तीनों संकायों में भी झारखंड के स्टूडेंट्स ने झंडा गाड़ा

  • साइंस में अनुष्या सिंह (एलएफएस स्कूल, टेल्को) ने 99.5% अंक के साथ टॉप किया।

  • कॉमर्स में आदर्श काबरा (डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल, जमशेदपुर) ने 99% अंक हासिल कर पहला स्थान पाया।

  • आर्ट्स में तनिष्ठा चटर्जी (लोयोला स्कूल, जमशेदपुर) ने 99% अंक के साथ राज्य टॉपर बनीं।

झारखंड के छात्रों की इस सफलता ने राज्य को राष्ट्रीय शिक्षा मानचित्र पर एक बार फिर ऊंचा स्थान दिलाया है।


Loading Live TV...

📍 लोकेशन और मौसम लोड हो रहा है...