महाकुंभ में माघी पूर्णिमा से ऐन पहले आज 10 बजे तक 45 करोड़ से अधिक ने लगा ली संगम में पावन डुबकी

प्रयागराज : महाकुंभ में माघी पूर्णिमा से ऐन पहले आज 10 बजे तक 45 करोड़ से अधिक ने लगा ली संगम में पावन डुबकी। महाकुंभ में माघी पूर्णिमा से ऐन पहले संगम में डुबकी लगाने वालों का नया कीर्तिमान बना है। यह कीर्तिमान अनुमान से काफी ज्यादा, उत्साहवर्द्धक और आस्था-श्रद्धा से ओतप्रोत सनातनी संस्कार के प्रति लोगों की दीवानगी को दर्शाने के लिए काफी है।

माघी पूर्णिमा से ऐन पहले बीते तीन दिनों तक अचानक से उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब से बीते सोमवार तक जहां प्रयागराज और आसपास के जिलों में महाजाम की स्थिति बनी और इसे लेकर सियासी बयानबाजी भी हुई लेकिन उन सबसे बेपरवाह गहरी आस्था और श्रद्धा में डूबे श्रद्धालुओं का जोश तनिक भी मद्धिम नहीं पड़ा।

बल्कि उनके अंदर की आस्था की हिलोरें लगातार निरंतरता को बनाए रखते हुए ऐसे कायम रहीं कि मंगलवार की सुबह पौ फटने से पहले से लेकर दिन के 10 बजे तक नए 74.96 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के संगम में पावन डुबकी लगा ली।

इसी के साथ महाकुंभ 2025 में पौष पूर्णिमा से शुरू हुए पावन संगम स्नान में माघ पूर्णिमा से ऐन एक दिन पहले तक कुल 45 करोड़ 48 लाख 96 हजार श्रद्धालुओं – तीर्थयात्रियों ने संगम में पावन डुबकी लगाकर अपने को धन्य कर लिया। अभी महाकुम्भ को 15 दिन और दो महत्वपूर्ण स्नान पर्व शेष हैं और पूरी उम्मीद है कि स्नानार्थियों की संख्या 50-55 करोड़ के ऊपर जा सकती है।

महाकुंभ 2025 को लेकर सही साबित हुआ CM Yogi का अनुमान

महाकुंभ 2025 में माघी पूर्णिमा से ऐन पहले संगम में डुबकी लगाने वालों का नया कीर्तिमान बनते ही CM Yogi आदित्यनाथ का अनुमान सत्य हो गया है। इसने सियासी तौर पर CM Yogi पर हमलावर रहे सियासतदां लोगों को भी भौंचक्क कर दिया है। महाकुंभ 2025 के आधिकारिक तौर पर शु्रू होने से पहले ही CM Yogi ने सार्वजनिक पर एकाधिक बार कहा था कि इस बार जो भव्य और दिव्य महाकुंभ का आयोजन हो रहा है वह स्नानार्थियों की संख्या का नया रिकॉर्ड स्थापित करेगा।

CM Yogi ने शुरुआत में ही 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई थी। वह अनुमानित संख्या मंगलवार 11 जनवरी को पार हो गई। अभी इसमें लगातार बढ़ोत्तरी जारी है। प्रयागराज में तीनों अमृत स्नान (मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी) के बाद भी श्रद्धालुओं -स्नानार्थियों के जोश और उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।

पूरे देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पवित्र त्रिवेणी में श्रद्धा और आस्था के साथ डुबकी लगाकर पुण्य प्राप्त करने के लिए श्रद्धालु प्रतिदिन लाखों, करोड़ों की संख्या में प्रयागराज पहुंच रहे हैं। बसंत पंचमी के अंतिम अमृत स्नान पर्व के बाद भी श्रद्धा का जबरदस्त उत्साह लोगों को संगम तट तक खींच कर ला रहा है।

महाकुंभ पर विशेष बैठक लेते हुए सीएम योगी
महाकुंभ पर विशेष बैठक लेते हुए सीएम योगी

महाकुंभ में संगम में पावन स्नान को लेकर शिखर पर है श्रद्धालुओं का उत्साह

महाकुंभ 2025 के आरंभ से लेकर अब तक बीच-बीच में हुई छिटपुट घटनाओं के अलावा बीते मौनी अमावस्या के दौरान हुए भगदड़ हादसे के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह संगम में डुबकी लगाने को लेकर तनिक भी ठंडा नहीं पड़ा। उल्टे इसमें निरंतर प्रगति ही देखने को मिली है।

सभी खासोआम इस पुनीत आयोजन में पुण्य का भागी बनने को संगम तट पहुंचने, संगम में पावन डुबकी लगाने के बाद बाबा विश्वनाथ के के दर्शन को काशी (वाराणसी), प्रभु श्रीराम के दर्शन को अयोध्या, मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने मिर्जापुर के विंध्याचल और तीर्थनगरी चित्रकूट को गमन करने के क्रम में रमे हैं।

श्रद्धालुओं के रमने के इसी क्रम में बीते तीन दिनों जरा ट्रैफिक की गति मंद पड़ी तो भयंकर जाम और फिर महाजाम की स्थिति बनी लेकिन CM Yogi ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए श्रद्धालुओं की सुगमता को तमाम वैकल्पिक व्यवस्थाओं को धरातल पर उतारा। उसके बाद फिर से नए उत्साह से श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन का क्रम अनवरत जारी है।

इससे मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य मां सरस्वती के पवित्र संगम में श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत साधु-संतों, श्रद्धालुओं, कल्पवासियों, स्नानार्थियों और गृहस्थों के स्नान का क्रम अब उस शिखर पर पहुंच गया है, जिसका महाकुंभ से पहले ही CM Yogi आदित्यनाथ ने अनुमान लगाया था। यहां संगम के स्नानार्थियों में वे 10 लाख कल्पवासी भी रोज शामिल हो रहे हैं जो महाकुंभ के लिए संगम किनारे रेती पर प्रवास कर रहे हैं।

महाकुंभ में श्रद्धालुओं के सैलाब के कुशल प्रबंधन की समीक्षा करते सीएम योगी।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं के सैलाब के कुशल प्रबंधन की समीक्षा करते सीएम योगी।

महाकुंभ 2025 में अब तक डुबकी लगाने वालों का लेखाजोखा…

महाकुंभ 2025 में अब तक मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य मां सरस्वती के पवित्र संगम में डुबकी लगाने वालों का रोजाना कई बार यूपी सरकार और मेला प्रबंधन की ओर से नियमित अपडेट दिया जा रहा है। माघ पूर्णिमा से पहले भी प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम तट पर पवित्र स्नान के लिए पहुंच रहे हैं।

एक दिन पहले यानी बीते 10 फरवरी को संगम में पावन डुबकी लगाने वालों की कुल संख्या 44.74 करोड़ के पार पहुंच गई थी। 11 फरवरी मंगलवार की सुबह  सुबह आठ बजे तक 49.68 लाख लोगों ने त्रिवेणी में स्नान किया। इसके बाद कुल स्नानार्थियों की संख्या 45 करोड़ के ऊपर पहुंच गई है। फिर 10 बजे तक 11 फरवरी के स्नानार्थियों की अपडेट संख्या जारी होने पर अब तक संगम में पावन डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या साढ़े 45 करोड़ तक पहुंच चली है जिसके कि मंगलवार शाम तक 46 करोड़ हो जाने का अनुमान है।

इसी क्रम में बता दें कि सर्वाधिक 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने मौनी अमावस्या पर स्नान किया था, जबकि 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति के अवसर पर अमृत स्नान किया था। बीते 1 फरवरी और 30 जनवरी को 2-2 करोड़ के पार और पौष पूर्णिमा पर 1.7 करोड़ श्रद्धालुओं ने पुण्य डुबकी लगाई। उसके अलावा बसंत पंचमी पर 2.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई थी।

बीते सोमवार को संगम में पावन डुबकी लगाने के बाद भगवान भाष्कर को अर्घ्य देतीं राष्ट्रपति
बीते सोमवार को संगम में पावन डुबकी लगाने के बाद भगवान भाष्कर को अर्घ्य देतीं राष्ट्रपति

महाकुंभ 2025 में संगम स्नान करने वाले नामचीनों की भी है लंबी फेहरिस्त…

महाकुंभ 2025 को लेकर यह भी ध्यान देने वाली बात है कि सियासी तौर पर लोग एक-दूसरे पर कितना भी कटाक्ष कर लें एवं टीका-टिप्पणी करें लेकिन संगम में पावन डुबकी लगाने वालों में किसी दल विशेष के नहीं बल्कि सभी दलों के नामचीन यहां पहुंच चुके हैं।

दिग्गज अभिनेता, कारोबारी, राजनेता लेकर दो राज्यों की पूरी की पूरी कैबिनेट यहां पहुंच कर पावन डुबकी लगा चुकी है। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को त्रिवेणी संगम में पावन डुबकी लगाई थी। उससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ (मंत्रिमंडल समेत) भी संगम में डुबकी लगा चुके हैं।

इसके अलावा प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, श्रीपद नाइक, भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी, राज्य सभा सांसद सुधा मूर्ति, असम विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडे, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, हेमा मालिनी, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, बॉलीवुड एक्ट्रेस भाग्यश्री, अनुपम खेर, मिलिंद सोमण, ओलम्पिक मेडलिस्ट साइना नेहवाल, एक्ट्रेस से किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनीं ममता कुलकर्णी, प्रख्यात कवि कुमार विश्वास, क्रिकेटर सुरेश रैना, अन्तरराष्ट्रीय रेसलर खली, कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा, बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद भी संगम में स्नान कर चुके हैं।

Chatra News: टंडवा में आखिर क्यों बड़ी संख्या में CCL कर्मियों...

Chatra News: झारखंड कोलियरी मज़दूर यूनियन (JCMU) ने टंडवा के आम्रपाली-चंद्रगुप्त इलाके में नए CCL अस्पताल ऑडिटोरियम में एक दिन का सेमिनार आयोजित किया।...

Bihar Electricity Digital Services: बिहार की बिजली सेवाओं में होने वाला...

Bihar Electricity Digital Services: ऊर्जा विभाग ने बिहार में बिजली सेवाओं को ज़्यादा पारदर्शी, तेज़ और टेक्नोलॉजी पर आधारित बनाने के मकसद से शुरू किए...

Jharkhand Liquor Scam: झारखंड शराब घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन,...

Jharkhand Liquor Scam: झारखंड के चर्चित कथित शराब घोटाले की जांच को आगे बढ़ाते हुए, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर...