रांची. राजधानी रांची में रातू रोड फ्लाईओवर बनकर तैयार है। आगामी 19 जून को इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा निर्धारित है। इस बीच झारखंड आंदोलनकारी और आजसू से लंबे समय तक जुड़े रहे हिमांशु कुमार ने फ्लाईओवर का नाम बिनोद बिहारी महतो के नाम पर करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिनों पहले राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन द्वारा मेकन-सिरोमटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन किया गया, जिसका नामकरण बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर किया गया। इसे पूरे झारखंड में स्वागत किया गया। अब रातू रोड फ्लाईओवर का नामकरण बिनोद बिहारी महतो के नाम पर एक और विभूति को सम्मान देने का समय है। एक ऐसा नाम, जिनके बिना हमारे गौरवशाली प्रदेश का इतिहास अधूरा होगा।
उन्होंने कहा कि बिनोद बिहारी महतो, जिन्हें हम सभी बड़े आदर सम्मान से बिनोद बाबू कहते हैं, जिन्होंने झारखंड की अस्मिता को बुलंद करते हुए कहा था, “हमारे क्षेत्र में विकास के सभी संसाधन मौजूद हैं, सिर्फ ईमानदार प्रयास की जरूरत है”। उन्होंने कहा कि ये शब्द सिर्फ उस व्यक्ति की पीड़ा को उजागर नहीं करते, जिसने अलग राज्य की नींव रखी, बल्कि ये शब्द उस मानसिकता को बल देता है, जिसकी सोच थी, “पढ़ो और लड़ो”। लड़ो अपने आत्म सम्मान के लिए, लड़ो अपनी पहचान के लिए, लड़ो अपने जल, जंगल, जमीन और आसमान के लिए। ये सोच थी, उस महान क्रांतिकारी, राज्य के आंदोलन के पुरोधा बिनोद बाबू की।
उन्होंने कहा कि आज राज्य गठन के 25 वर्ष हो गए। 25 वर्ष के इस झारखंड को मिला क्या ये बात फिर कभी, क्योंकि इसकी तह में जाएंगे तो खाली हाथ ही आएंगे, हाथ कोयले की दलाली में काले अलग हो जाएंगे। बात बिनोद बाबू की हो रही है तो उनके अदम्य इच्छाशक्ति से ही शुरू होनी चाहिए, धनबाद जिले के बलियापुर के बेहद गरीब परिवार में जन्में बिनोद बिहारी बाबू ने घर की आर्थिक स्थिति को संबल प्रदान करने के लिए किरानी की नौकरी से अपने जीवन की शुरुआत की। सब कुछ ठीक चल रहा था, तभी एक तंज, एक ताना की “तुम किरानी हो, किरानी की हैसियत में रहो” ने उनके मन-मस्तिष्क और चेतना को ऐसे आघात किया कि उन्होंने नौकरी करते हुए पहले इंटर, फिर ग्रेजुएशन और फिर लॉ की डिग्री लेकर उक्त व्यक्ति के सामने अपनी हैसियत का ही नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्पित व्यक्तित्व का परिचय भी दे दिया।
उन्होंने कहा कि हम युवाओं के सामने बुलंद और एक निष्ठ इच्छाशक्ती के साथ कुछ भी पा लेने का इससे बेहतर उदाहरण और क्या हो सकता है भला। सामाजिक उत्थान में युवाओं की भागीदारी की मिसाल पेश करते हुए बिनोद बाबू बोकारो और सिंदरी जैसे जगहों से विस्थापित रैयतों के केस को निशुल्क लड़ते थे और उनके हक का मुआवजा मिल जाने के बाद उनकी खुशी से दिए पैसों से अपना बसर करते थे, ऐसे थे हमारे बिनोद बाबू।
उन्होंने कहा कि लोगों के आह्वान और सरकारी मशीनरी की विफलता ने उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया। 71 का चुनाव वो बेशक हार गए, पर हार के जीतना जिसे आता है, वही समाज में क्रांति लाता है। 73 में उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना की, जिसमें उनका साथ शिबू सोरेन और एके राय जैसे नेताओं ने दिया। 1980 में वे टुंडी विधानसभा से विधायक चुने गए। बाद में 91 में वे गिरिडीह के सांसद बने।
बिनोद बाबू हमारे लिए सदा प्रासंगिक रहेंगे
हिमांशु कुमार ने कहा कि झारखंड आंदोलन जिसे पहले मूलतः आदिवासियों का आंदोलन के तर्ज पर ही देखा जाता था, बिनोद बाबू की देन से उसे समग्र आंदोलन की संज्ञा मिली और गैर आदिवासियों का आंदोलन भी इसे माना गया। सच्चे अर्थों में झारखंड की राजनीति के भीष्म पितामह, समाज में व्याप्त कुरीतियों, विसंगतियों और अंध विश्वास के खिलाफ समर्पित भाव से लोगों की चेतना को जगाने वाले बिनोद बाबू किसी मसीहा से कम नहीं थे।
उन्होंने कहा कि गोहाइल पूजा, टुसू पर्व, जितिया,करम, सोहराई, मनसा पूजा जैसे कई धार्मिक अनुष्ठानों के महत्व को राज्य भर में व बाहर भी प्रचारित व प्रसारित कर के कई मौकों पर राज्य के मान सम्मान व गरिमा बढ़ाने का श्रेय बिनोद बाबू को ही जाता है। साथ ही कुरमाली और खोरठा भाषा की पढ़ाई आज रांची विश्वविद्यालय में अगर हो रही है तो वो भी बिनोद बाबू की ही देन है, जिसके लिए आज की युवा पीढ़ी उनकी सदा ऋणी रहेगी।
‘बिनोद बिहारी महतो के नाम पर हो रातू फ्लाईओवर का नाम’
उन्होंने कहा कि आज हम सत्ता और शासन में बैठे अपने नीति नियंताओं से आह्वान करते हैं कि सामाजिक समरसता और युवा शक्ति के प्रतीक और हमारे प्रेरणाश्रोत बिनोद बिहारी महतो के नाम पर रांची के रातू रोड फ्लाईओवर का नामकरण किया जाए। इस पुनीत कार्य में सहयोग और राज्य सरकार की सहभागिता, हमारे जन नायक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और युवाओं के अंदर दृढ़ संकल्पित होकर लगन के साथ आगे बढ़ने की अलख जलाने का काम करेगी।
Highlights


















