पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई
नई दिल्ली : कोरोना के खिलाफ भारत ने अहम उपलब्धि हासिल की है। भारत ने शुक्रवार को इतिहास रचते हुए एक दिन में रिकार्ड एक करोड़ टीके लगाए। इसमें उत्तर प्रदेश ने सबसे ज्यादा करीब 28.62 लाख और कर्नाटक ने 10 लाख से ज्यादा डोज लगाई है। इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने टीका लगवाने वालों और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने वालों को बधाई दी।
बता दें अभी तक किसी भी देश ने एक दिन में इतने टीके नहीं लगाए हैं। इस साल दिसंबर तक 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीके लगाने के लक्ष्य की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही देश में कोविड-19 टीकाकरण का दायरा 62,09,43,580 डोज पर पहुंच गया है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- आज रिकॉर्ड टीकाकरण हुआ! एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। टीका लगवाने वालों और टीकाकरण अभियान को सफल बनाने वालों को बधाई।
भारत ने पूरे विश्व में उदाहरण किया स्थापित : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा- एक दिन में एक करोड़ वैक्सीन! यह आंकड़ा नए भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और अपार क्षमता का प्रतिबिंब है। एक दूरदर्शी और कर्मठ नेतृत्व से कैसे एक देश कोरोना से सफल लड़ाई लड़ते हुए पूरे विश्व में उदाहरण स्थापित कर सकता है३ यह नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाले नए भारत ने दुनिया को दिखाया है।
एक करोड़ 64 लाख से ज्यादा डोज लगाई गईं
टीकाकरण अभियान को सुचारु ढंग से संचालित करने के लिए बनाए गए प्लेटफार्म को-विन के के आंकड़ों के मुताबिक भारत ने कोरोना रोधी वैक्सीन की एक करोड़ 64 लाख से ज्यादा डोज लगाई हैं। देश में 63,342 केंद्रों पर ये टीके लगाए गए, जिनमें 59,763 सरकारी और 3,579 निजी क्षेत्र के टीका केंद्र शामिल हैं।
16 अगस्त को लगाई गई थीं 92.39 लाख डोज
इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा डोज (92.39 लाख) लगाने का रिकार्ड भी भारत के पास ही था, जो उसने 16 अगस्त को हासिल किया था। इसके साथ ही देश में अब तक कुल 62.17 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं। इनमें 48.08 करोड़ पहली और 14.08 करोड़ दूसरी डोज शामिल हैं।




