रांची : झारखंड विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक जयराम ने दो बड़े मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने सबसे पहले स्वर्गीय शिबू सोरेन (गुरुजी) को भारत रत्न देने की मांग का समर्थन किया और कहा कि गुरुजी झारखंड के रत्न हैं। इसलिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना राज्य की जनता की भावनाओं के अनुरूप होगा।
दूसरी ओर, जयराम ने हाल ही में हुए सूर्या हांसदा एनकाउंटर को फर्जी करार दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शरीर की स्थिति देखकर स्पष्ट है कि यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। यदि सूर्या भाग रहे थे तो गोली उनकी पीठ पर लगनी चाहिए थी, पेट पर नहीं। यह साबित करता है कि पूरी कहानी पहले से तैयार की गई थी।
जयराम ने इस मामले की CBI जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस या CID पर भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि एनकाउंटर करने वाली एजेंसी ही जांच करेगी तो निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे।
उन्होंने सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य सरकार हर मुद्दे से पल्ला झाड़ लेती है। कोई भी सरकार अपने ऊपर दाग लगाना नहीं चाहती, इसलिए सच्चाई छुपाने की कोशिश होती है।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे 130वें संशोधन का भी विरोध किया। जयराम ने कहा कि यह संशोधन विपक्षी नेताओं को जेल में डालने का हथियार बनेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन के साथ जो हुआ, वही आगे और राज्यों में भी हो सकता है।



















