रांची: झारखंड में खुदरा शराब दुकान के आवंटन की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। राज्य के सभी 560 समूहों के लिए आवेदन आ चुके हैं। अंतिम दिन बुधवार को शेष बचे 39 दुकानों के लिए भी आवेदन प्राप्त हो गए। इससे साफ है कि इस बार कोई भी समूह खाली नहीं रह गया है।
22 अगस्त को ई-लॉटरी
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की ओर से अब 22 अगस्त को ई-लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया जाएगा। जिन समूहों के लिए सिर्फ एक ही आवेदन आया होगा, वहां सीधे आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
रांची में सबसे ज्यादा 87 समूह
राज्य में कुल 560 शराब दुकान समूहों में से सबसे ज्यादा 87 समूह राजधानी रांची में हैं। 22 अगस्त को ई-लॉटरी के बाद 29 अगस्त तक दुकानों को खोलने से जुड़ी सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद 1 सितंबर से नई उत्पाद नीति के तहत निजी हाथों में खुदरा शराब दुकानों का संचालन शुरू हो जाएगा।
मंत्री ने जताई संतुष्टि
उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी समूहों के लिए आवेदन आना विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह दर्शाता है कि लोगों के मन में विभाग को लेकर जो उदासीनता थी, वह अब खत्म हो चुकी है।


















