गिरिडीह: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के द्वारा विगत 15 मई से जारी खतियानी पदयात्रा रविवार की देर शाम गिरिडीह पहुंची। दुमका से शुरू हुई यह पदयात्रा अपने कार्यक्रम के पांचवें दिन सोमवार को गिरिडीह से रांची के लिए प्रस्थान कर गई है।
खतियानी पदयात्रा गिरिडीह से रांची की ओर प्रस्थान
मौके पर पार्टी के केन्द्रीय उपाध्यक्ष अमित मंडल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा झारखंड के लोगों को उनका हक और पहचान दिलाने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य 1932 के खतियान को आधार मानते हुए झारखंड में स्थानीय नीति, नियोजन नीति और विस्थापन नीति लागू करना है।
अमित मंडल ने कहा कि झारखंडियों को सौ फीसदी रोजगार देने के लिए ग्रुप सी व ग्रुप डी की नौकरियों में झारखंडियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके अलावा, जाति आधारित जनगणना और आदिवासी अधिकारों के लिए भी पार्टी ने आवाज उठाई।
राजभवन के समक्ष होगा धरना प्रदर्शन
जेएलकेएम के केन्द्रीय सचिव नागेन्द्र चन्द्रवंशी ने कहा कि आगामी 5 जून को रांची स्थित राजभवन के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम तय है। कार्यक्रम में पार्टी सूप्रीमो टाइगर जयराम महतो सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड में 1932 आधारित स्थानीय नीति, नियोजन नीति, विस्थापन नीति सहित लंबे समय से फंसे गैर मजरूआ जमीन को जमाबंदी का दर्जा देने, पेसा कानून लागू करवाने, राज्य से पलायन कर रहे मजदूरों को राज्य में रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने, शिक्षा एवं चिकित्सा विभाग के कार्यों में पारदर्शिता लाने और विस्थापित हुए राज्य वासियों को अविलंब मुआवजा दिलवाने की मांग को लेकर पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
नमन नवनीत की रिपोर्ट


















