रांची: JSCA के सत्र 2025-28 के लिए बहुप्रतीक्षित चुनाव 18 मई को होंगे। इस बार दो मजबूत गुट आमने-सामने हैं। सोमवार को ‘द टीम’ नामक गुट के सभी प्रत्याशियों ने रांची स्थित JSCA स्टेडियम परिसर में नामांकन दाखिल किया।
पूर्व उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है, जबकि उनकी टीम से दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर – सौरभ तिवारी (सचिव पद) और शाहबाज नदीम (सह सचिव पद) पर मैदान में हैं। अन्य पदों के लिए संजय पांडे (उपाध्यक्ष), अमिताभ घोष (कोषाध्यक्ष) तथा मैनेजिंग कमेटी के लिए संजय जैन, रमेश कुमार, मिहिर प्रीतेश तोपनो, परवेज खान, रत्नेश कुमार सिंह और उमा महेश्वर राव (स्कूल एंड क्लब रिप्रेजेंटेटिव) ने भी नामांकन दाखिल किया है।
वहीं, दूसरे गुट की अगुवाई जमशेदपुर के एसके बेहरा कर रहे हैं, जिन्हें IPS अखिलेश झा का समर्थन प्राप्त है। इस गुट ने अब तक अपने पूरे पैनल की घोषणा नहीं की है, लेकिन अंतिम तिथि तक नामांकन तय है।
चुनाव प्रक्रिया की तारीखें:
नामांकन पत्रों की जांच: 13 मई
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 14 मई
अंतिम प्रत्याशी सूची: 14 मई
मतदान और परिणाम घोषणा दोनों 18 मई को ही होंगे।
कुल 718 सदस्य वोटिंग करेंगे, जिसमें रांची से 250 और जमशेदपुर से 184 सदस्य हैं। बाकी के सदस्य बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, हजारीबाग आदि जिलों से हैं। रांची और जमशेदपुर का मतदान में दबदबा रहता है, लेकिन छोटे जिलों की भूमिका भी अहम होती है।
बाबूलाल मरांडी का हस्तक्षेप पर आपत्ति:
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर JSCA चुनाव में प्रशासनिक हस्तक्षेप रोकने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सरकारी अधिकारी खुलेआम प्रचार कर रहे हैं और अपने पद व संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं। मरांडी ने कहा कि JSCA चुनाव सत्ता और प्रभाव का मंच बन गया है, जिससे चयन प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और क्षेत्रवाद को बढ़ावा मिल रहा है।


