शेखपुरा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में शेखपुरा जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने बरबीघा के उच्च माध्यमिक विद्यालय, सर्वा में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की एवं मॉडल प्रतिकृति का अवलोकन किया। इस क्रम में शेखपुरा जिला अंतर्गत मटोखर दह परिसर का विकास कार्य, विष्णुधाम मंदिर परिसर का विकास कार्य, शेखपुरा प्रखंड में कार्यालय भवन का निर्माण कार्य, जखराज स्थान से हुसैनाबाद बाईपास पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, सिंचाई प्रमंडल शेखपुरा के अंतर्गत किए जा रहे कार्य, चेवार प्रखंड में प्रखंड कार्यालय सह आवासीय परिसर का निर्माण कार्य के संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में चलाई जा रही योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में चलाई जा रही योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने उच्च माध्यमिक विद्यालय, सर्वा में एस्ट्रो/रोबोटिक्स/वीआर लैब, खगौल विज्ञान प्रयोगशाला, वर्चुअल रियलिटी लैब का फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने लैब में उपस्थित बच्चों से मुलाकात कर शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। वहां उपस्थित विद्यार्थियों ने अपने शैक्षणिक कार्यों एवं नए-नए प्रयोग के माध्यम से की जा रही गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि आपलोग अच्छे से पढ़िए। वैज्ञानिक और शोध कार्यों में रुचि रखिए और इसमें ज्ञानवर्द्धन करते रहिए। आप सब अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें और पूरे मनोयोग से पढ़ाई करें।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन, सर्वा का फीता काटकर व शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन, सर्वा का फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। साथ ही शेखपुरा जिले के आठ नवनिर्मित पंचायत सरकार भवनों का भी रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन, सर्वा का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन अच्छा बना है। इसके बन जाने से पंचायत के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
शेखपुरा जिले के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं विकास कार्यों से संबंधित एक AI वीडियो मुख्यमंत्री को दिखाया गया
मुख्यमंत्री ने इसी परिसर से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर शेखपुरा जिले के लिए 62 करोड़ रुपए की लागत से 196 योजनाओं का उद्घाटन एवं 144 करोड़ रुपए की लागत से 120 योजनाओं का शिलान्यास/कार्यारंभ किया। इसके पश्चात् शेखपुरा जिले के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं विकास कार्यों से संबंधित एक एआई वीडियो मुख्यमंत्री को दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस क्रम में स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन कार्य से जुड़े हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए।

मुख्यमंत्री ने 3,601 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 15 करोड़ 18 लाख का सांकेतिक चेक प्रदान किया
मुख्यमंत्री ने 3,601 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 15 करोड़ 18 लाख का सांकेतिक चेक प्रदान किया और 1,425 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 34 करोड़ 87 लाख का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को भी सांकेतिक चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान शेखपुरा जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान बरबीघा के पंचायत सरकार भवन, सर्वा में शेखपुरा जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान शेखपुरा के जिलाधिकारी शेखर आनंद ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा- प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, उसके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।

समृद्धि यात्रा के तहत शेखपुरा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शेखपुरा जिला के पंचायत सरकार भवन परिसर, सर्वा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सब जानते हैं कि 24 नवंबर 2005 को पहली बार एनडीए सरकार बनी तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। याद है ना पहले क्या स्थिति थी? पहले बहुत बुरा हाल था? लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। समाज में कितना विवाद होता था। कितना हिन्दू-मुस्लिम झगड़ा होता था? पढ़ाई का क्या हाल था? बहुत कम बच्चे पढ़ते थे। बहुत कम पढ़ाई होती थी। पहले इलाज का पूरा इंतजाम नहीं था। सडकें बहुत कम थीं और जो थीं उनका बुरा हाल था। बिजली बहुत कम जगह थी। अब किसी प्रकार के डर एवं भय का वातावरण नहीं है। राज्य में प्रेम, भाईचारा एवं शांति का माहौल है। पहले कितना हिन्दू-मुस्लिम झगड़ा होता था, इसलिए वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गई है। बड़े पैमाने पर कब्रिस्तानों की घेराबंदी की जा चुकी है। अब कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है।

CM नीतीश के साथ दोनों डिप्टी सीएम, कई मंत्री, सांसद, विधायक व कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह शेखपुरा जिले के प्रभारी मंत्री जमा खान, सांसद विवेक ठाकुर, विधायक रणधीर कुमार सोनी, विधायक डॉ. कुमार पुष्पंजय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, शेखपुरा के जिलाधिकारी शेखर आनंद और शेखपुरा के पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

Highlights







