झारखंड CGL 2023 परीक्षा में अनियमितता के मामले में CID ने चार सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। जांच में अंतरराज्यीय कनेक्शन की तलाश जारी है।
JSSC CGL Exam Scam रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 में अनियमितता के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग यानी CID ने चार सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को हुई कार्रवाई में धनबाद और बिहार से जुड़े अभ्यर्थियों को पकड़ा गया है।
गिरफ्तार अभ्यर्थियों में धनबाद के नावाडीह थाना क्षेत्र के दीपक कुमार, बिहार के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के निवासी उमेश कुमार राय, वर्तमान पता न्यू बीसीसीएल कॉलोनी दुग्दा, बोकारो, धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के विजय कुमार तिवारी और बिहार के सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के निवासी आनंद कुमार सिंह शामिल हैं। आनंद कुमार सिंह का वर्तमान पता सुदामडीह, रिवरसाइड मार्केट, धनबाद बताया गया है।
JSSC CGL Exam Scam:परीक्षा एजेंसी से जुड़े दो आरोपी भी गिरफ्तार
इस मामले में CID पहले ही दिल्ली से सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों को शुक्रवार को पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों से जांच एजेंसी को महत्वपूर्ण इनपुट मिलने की बात सामने आयी है।
CID के अनुसार, दोनों आरोपियों पर करीब तीन वर्ष पहले जेएसएससी परीक्षा का संचालन करने वाली कंपनी वेबल के साथ काम करने के दौरान परीक्षा में गड़बड़ी करने के आरोप लगे थे। इसी मामले की जांच के क्रम में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी दिल्ली में एक ही पते पर साथ रह रहे थे।
Key Highlights
JSSC CGL 2023 में अनियमितता के मामले में चार सफल अभ्यर्थी गिरफ्तार।
गिरफ्तार अभ्यर्थियों का संबंध झारखंड के धनबाद और बोकारो के साथ बिहार से है।
CID पहले दिल्ली से परीक्षा एजेंसी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच एजेंसी को मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका है।
दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और मुंबई समेत कई राज्यों में जांच टीम भेजने की तैयारी।
JSSC CGL Exam Scam:आरोपियों के अंतरराज्यीय कनेक्शन की तलाश
जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच कर रही CID अब गिरफ्तार आरोपियों के अंतरराज्यीय कनेक्शन की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी को आशंका है कि परीक्षा में अनियमितता के पीछे झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों के भी कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका हो सकती है।
जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या गिरोह झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अभ्यर्थियों को सफल कराने का झांसा देकर पैसे की लेनदेन करता था।
JSSC CGL Exam Scam:दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में टीम भेजने की तैयारी
पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर CID अब कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश में विभिन्न राज्यों में टीम भेजने की तैयारी कर रही है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मुंबई, बिहार और राजस्थान समेत अन्य राज्यों में जांच टीम भेजे जाने की संभावना है।
जांच एजेंसी जिन लोगों की तलाश कर रही है, उनमें मिथिलेश सिंह और उनकी कंपनी से जुड़े कुछ अन्य लोग शामिल हैं। CID अब गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी को पुराने परीक्षा मामलों से जोड़कर पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
JSSC CGL 2023 परीक्षा गड़बड़ी मामले में CID ने किन चार सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है?
CID ने धनबाद के दीपक कुमार, बोकारो/बिहार के उमेश कुमार राय, धनबाद के विजय कुमार तिवारी और धनबाद/बिहार के आनंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी से जुड़े किन दो आरोपियों को CID ने दिल्ली से पकड़ा है?
CID ने परीक्षा एजेंसी वेबल (Webel) से जुड़े सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।
JSSC CGL परीक्षा घोटाले की जांच में CID किन-किन राज्यों में टीम भेजने की तैयारी कर रही है?
अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए CID दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मुंबई में जांच टीम भेजने की तैयारी कर रही है।
इस परीक्षा घोटाले में जांच का मुख्य बिंदु क्या है?
जांच का मुख्य बिंदु अभ्यर्थियों से पैसे लेकर परीक्षा पास कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह और उसमें शामिल प्रभावशाली लोगों की पहचान करना है।


















