रांची: बरियातू थाना क्षेत्र स्थित ईदगाह मैदान के समीप से 30 दिसंबर 2023 की सुबह 10वीं की छात्रा का अपहरण कर लिया गया।
छात्रा सुबह 8:40 बजे अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन 9:30 बजे तक स्कूल नहीं पहुंची।
स्कूल प्रबंधन की ओर से इसकी सूचना दिए जाने के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
इधर, नाबालिग छात्रा के स्कूल पहुंचने से पहले ही गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उसकी मां
बरियातू थाने पहुंचीं और अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई।
इधर, घटना के तीन दिनों बाद भी पुलिस को अपहृत छात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया है, पर खुद से अनुसंधान करने के बजाय
उन्हें ही सुराग के लिए इधर-उधर दौड़ा रही है।
अनुसंधान के नाम पर पुलिस ने छात्रा के मोबाइल की जांच करनी चाही, लेकिन वह लॉक मिला।
ऐसे में खुद से मोबाइल का लॉक खुलवाने के बजाए थानेदार सुरेश कुमार मंडल ने पीड़ित परिजनों
को ही लॉक खुलवाने का जिम्मा दे दिया।
अपहृत छात्रा के भाई ने बताया कि थाना प्रभारी ने एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया है,
जिसकी रोस्पा टावर के समीप दुकान है। थानेदार ने उक्त नंबर पर बातचीत कर संबंधित दुकान
से मोबाइल का लॉक खुलवाकर लाने को कहा है, ताकि जांच की जा सके।
इसके अलावा पुलिस ने खुद से सीसीटीवी फुटेज की जांच भी नहीं की।
पीड़ित परिजन ही पुलिस को विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज उपलब्ध कराए हैं,
जिसके आधार पर छात्रा का सुराग पाने का पुलिस प्रयास कर रही है।
Highlights




