पटना : खेल विभाग बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना के संयुक्त तत्वावधान में और जिला प्रशासन मधुबनी के सहयोग से आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय अंतर प्रखंड टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2025 का सफल आयोजन बीपी मंडल इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को संपन्न हुआ। 12 से 14 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मधेपुरा के जिलाध्यक्ष तरनजीत सिंह द्वारा किया गया। तीन दिनों तक चले इस रोमांचक मुकाबले में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया।

छात्रा माही गुप्ता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया
बालिका अंडर-19 वर्ग में होली मिशन सेकेंडरी स्कूल की छात्रा माही गुप्ता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और प्रतियोगिता की स्टेट चैंपियन बनीं। पूरे टूर्नामेंट के दौरान माही ने अपने शानदार फुटवर्क, तीक्ष्ण सर्व और बेहतरीन रिफ्लेक्स से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।

कोच राहुल व बिहार टेबल टेनिस संघ के कोच सोमनाथ ने माही की जीत को अत्यंत सराहनीय बताया
खेलो इंडिया के कोच राहुल कुमार एवं बिहार टेबल टेनिस संघ के कोच सोमनाथ राय ने माही की जीत को अत्यंत सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि माही एक अत्यंत प्रतिभाशाली और अनुशासित खिलाड़ी हैं, जिनमें राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता है। कोचों के अनुसार, यदि माही इसी लगन और मेहनत से खेलती रहीं, तो वे आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।

प्रतियोगिता स्थल पर उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों ने भी माही के प्रदर्शन की सराहना की
प्रतियोगिता स्थल पर उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों ने भी माही के प्रदर्शन की सराहना की। उनकी जीत से पूरे विद्यालय और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने माही को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि विद्यालय को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि माही भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छूती रहेंगी और समाज व राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगी।
यह भी पढ़े : GOAL इंटरनेशनल स्कूल का भव्य शुभारंभ, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर…
Highlights

