पर्यटन सचिव ने मंदिरों के जीर्णाेद्धार के लिए दिए कई निर्देश
शिकारीपाड़ा (दुमका) : शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में अवस्थित विश्व प्रसिद्ध मंदिरों के गांव व गुप्तकाशी कहे जाने वाले मलूटी में गुरुवार को झारखंड सरकार के पर्यटन सचिव अमिताभ कौशल ने दौरा किया। पर्यटन सचिव हेलीकॉप्टर से नवनिर्मित हेलीकॉप्टर अड्डे पर उतरे और तुरंत मां मौलिक्षा मंदिर पहुंचे। जहां मंदिर विकास समिति के अधिकारियों व ग्रामीणों से बातचीत की।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 2 साल से मंदिरों के जीर्णाेद्धार का कार्य बंद पड़ा हुआ है, क्योंकि ठेकेदार के द्वारा मंदिरों के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की गई है। टेराकोटा शैली के मंदिरों का मूल स्वरूप नष्ट किया जा रहा था। इस पर ग्रामीणों के विरोध के कारण काम रूक गया।
इसी संदर्भ में आज पर्यटन सचिव का मलूटी दौरा हुआ। पर्यटन सचिव ने ग्रामीणों तथा मंदिर समिति के लोगों से आवश्यक जानकारी ली। निर्देश दिया कि मंदिरों के जीर्णाेद्धार के लिए आवश्यक किए जाने योग्य कार्यों की सूची बनाकर जल्द से जल्द दें। हालांकि मौके पर उपस्थित पत्रकारों को पर्यटन सचिव के द्वारा कोई भी जानकारी नहीं दी गई।
बताते चलें कि मलूटी को विश्व पटल पर प्रसिद्धि दिलाने में गोपाल दास मुखर्जी का योगदान अविस्मरणीय है, जिनका बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने “बाजेर बदले नानकारा स्टेट : मलूटी” नामक पुस्तक के द्वारा मलूटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलवाई थी।
Highlights


















