रांची: रांची नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स न चुकाने वाले भवन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। लंबे समय से बकाया टैक्स नहीं जमा करने वाले सरकारी और निजी भवन मालिकों की सूची तैयार कर लगभग 1500 लोगों को नोटिस जारी किया गया है।
निगम ने इन बकायेदारों को 15 दिनों के भीतर बकाया टैक्स जमा करने का निर्देश दिया है। तय समय सीमा के भीतर टैक्स नहीं देने पर नगरपालिका अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बकायादारों पर हो सकती है ये कार्रवाई
नगर निगम के अपर प्रशासक ने राजस्व शाखा के अधिकारियों को सभी बकायेदारों को नोटिस भेजने और कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। समय पर टैक्स नहीं चुकाने पर जुर्माना लगाने, बैंक खाते फ्रीज करने और भवन को सील करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य राजस्व संग्रह को बढ़ाना और टैक्स चुकाने की प्रक्रिया को सख्ती से लागू करना है। बकायेदारों से निगम ने अपील की है कि वे निर्धारित समय में अपने दायित्व का पालन करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।



















